असम में छह नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल से आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा: मंत्री अश्विनी वैष्णव

Summary :

गुवाहाटी में ‘एडवांटेज असम 2.0’ सम्मेलन में नई परियोजनाओं की घोषणा

केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने असम में आर्थिक विकास को गति देने के लिए छह एडिशनल गति शक्ति कार्गो टर्मिनल, एक इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और नई ट्रेनें शुरू करने की घोषणा की है। ये प्रोजेक्ट गुवाहाटी में आयोजित ‘एडवांटेज असम 2.0’ निवेश और बुनियादी ढांचा सम्मेलन का हिस्सा हैं।

नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल चायगांव, न्यू बोंगाईगांव, बिहारा, हिलारा, बैहाटा और रंगजुली में बनेंगे, जो क्षेत्र के रेलवे नेटवर्क को बढ़ाएंगे। कनेक्टिविटी को और मजबूत करते हुए उन्होंने पुष्टि की कि पूर्वोत्तर में एक वंदे भारत एक्सप्रेस पहले से ही चालू है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी और अगरतला को जोड़ने के लिए जल्द ही एक और वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जबकि दो अमृत भारत ट्रेनें (गुवाहाटी-दिल्ली और गुवाहाटी-चेन्नई के बीच) भी इस साल चालू हो जाएंगी।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि 300 करोड़ रुपये की लागत से लुमडिंग में रेलवे इंजन मिडलाइफ री-मैन्युफैक्चरिंग सुविधा और बोडोलैंड क्षेत्र के बशबारी में वैगन वर्कशॉप स्थापित की जाएगी। उन्होंने 120 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण योजना के तहत बोंगोरा, कामरूप में एक ग्रीनफील्ड इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्लस्टर (ईएमसी) के विकास की भी घोषणा की।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान को डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालय में अपग्रेड किया गया है, जिसमें जगीरोड में एक परिसर स्थापित करने की योजना है। उन्होंने असम में एक नए सेमीकंडक्टर प्लांट की योजना को भी पेश किया, जो इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में राज्य की बढ़ती भूमिका दर्शाता है।

इसके अतिरिक्त, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि गुवाहाटी रेलवे स्टेशन को एक नए आईटी हब में बदल दिया जाएगा, जो क्षेत्र के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करेगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.