कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जो बाइडेन के अमेरिका का राष्ट्रपति और भारतीय मूल की कमला हैरिस के उप राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने एक बयान में कहा, मैं अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर जो बाइडेन को कांग्रेस पार्टी की तरफ से बधाई देती हूं। ”
सोनिया ने कमला हैरिस को भी बधाई दी और कहा कि भारत अमेरिका के साथ ऐसे नजदीकी रिश्ते की उम्मीद करता है जो इस क्षेत्र एवं पूरे विश्व में शांति और विकास के लिए फायदेमंद हो। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जो बाइडेन ने शनिवार को रिपब्लिकन पार्टी के अपने प्रतिद्वंदी डोनाल्ड ट्रंप को कड़े मुकाबले में हरा दिया। प्रमुख अमेरिकी मीडिया संगठनों की रिपोर्टों में यह जानकारी दी गई है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार पेनसिल्वेनिया राज्य में जीत दर्ज करने के बाद 77 वर्षीय पूर्व उपराष्ट्रपति बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति होंगे। इस राज्य में जीत के बाद बाइडेन को 270 से अधिक ‘इलेक्टोरल कॉलेज वोट’ मिल गये जो जीत के लिए जरूरी थे। पेनसिल्वेनिया के 20 इलेक्टोरल वोटों के साथ बाइडेन के पास अब कुल 273 इलेक्टोरल वोट हो गये हैं।


Download Android App
Download iOS App



