सोनिया गांधी ने प्रियंका के साथ दीपावली और पारिवारिक परंपराओं को किया याद

Summary :

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में बीते वर्षों की दिवाली की यादें साझा की है। एक्स पर वीडियो साझा करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा, “दिवाली मनाने की अपनी शुरुआती यादों को ताजा कर रही हूं। परंपराएं, उत्सव और वे छोटे-छोटे पल जिन्होंने इसे इतना खास बनाया।” वीडियो में सोनिया गांधी अपनी बेटी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बातचीत करती नजर आ रही हैं, जिसमें दोनों परिवार द्वारा मनाए जाने वाले त्योहार को याद कर रही हैं। प्रियंका की बेटी मिराया वाड्रा…

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में बीते वर्षों की दिवाली की यादें साझा की है।

एक्स पर वीडियो साझा करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा, “दिवाली मनाने की अपनी शुरुआती यादों को ताजा कर रही हूं। परंपराएं, उत्सव और वे छोटे-छोटे पल जिन्होंने इसे इतना खास बनाया।”

वीडियो में सोनिया गांधी अपनी बेटी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बातचीत करती नजर आ रही हैं, जिसमें दोनों परिवार द्वारा मनाए जाने वाले त्योहार को याद कर रही हैं। प्रियंका की बेटी मिराया वाड्रा भी वीडियो में दिखाई देती हैं।

सोनिया ने याद किया कि दिवाली हमेशा एक खास अवसर होता था, जब घर के लगभग हर कोने में दीये जगमगाते थे। ये दीये तालाब के चारों ओर बरामदे में और रास्तों पर रखे जाते थे। प्रवेश द्वार पर भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित होती थी, जहां परिवार अपना पहला दीया जलाता था।

सोनिया गांधी ने कहा, “उन दिनों, हमारे यहां हर जगह वो छोटी-छोटी बत्तियां नहीं होती थीं, लेकिन हर जगह दीये होते थे।”

प्रियंका ने भी उत्सवों के बारे में बात की और बताया कि कैसे अलग-अलग क्षेत्रों के लोग दिवाली के दौरान घर आते थे और बगीचे में इकट्ठा होते थे। बातचीत जल्द ही पटाखों की ओर मुड़ गई। सोनिया को याद आया कि वे दिवाली के लिए पटाखे और फुलझड़ियां खरीदने चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली जाया करती थीं।

उन्होंने कहा कि उन्हें फुलझड़ियां बहुत पसंद थीं, लेकिन अनार जैसे पटाखे उतने पसंद नहीं थे। सोनिया ने उन वर्षों में दिवाली के मौसम को भी याद किया। उन्होंने बताया कि आसमान साफ ​​और नीला होता था, जो आजकल शायद ही देखने को मिलता है।

खाना भी परिवार की दिवाली परंपराओं का एक अहम हिस्सा था। सोनिया को याद आया कि उत्सव के दौरान कश्मीरी व्यंजन परोसे जाते थे, खासकर मीठे चावल, जो आज भी परिवार को बहुत पसंद हैं।

–आईएएनएस

ओपी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.