नयी दिल्ली : देश के सभी गांव तक बिजली पहुंचाने की मोदी सरकार की घोषणा पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा सवाल उठाये जाने पर भाजपा ने आज सवाल किया कि सोनिया, राहुल बतायें कि साल 2009 तक सभी घरों तक बिजली क्यों नहीं पहुंची ? भाजपा ने 29 मार्च 2005 के राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के अध्यक्ष के रूप में सोनिया के संदेश को ट्वीट किया। इस संदेश में सोनिया गांधी ने कहा था कि उन्हें खुशी है कि बिजली मंत्रालय ‘राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना शुरू करने जा रहा है । यह ऐसी पहल है जिसके तहत साल 2009 तक सभी परिवारों तक बिजली पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल कर लिया जायेगा ।
भाजपा ने इस बारे में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से जुड़ी एक खबर भी ट्वीट की जिसमें उन्होंने साल 2009 तक सभी गांव तक बिजली पहुंचाने की बात कही थी । भाजपा ने सवाल किया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को यह जवाब देना चाहिए कि यह वादा पूरा क्यों नहीं हुआ ? इससे पहले आज कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह ने 2009 तक सभी गांव तक बिजली पहुंचाने का वादा किया था, सोनिया गांधी ने इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए सभी परिवारों तक 2009 तक बिजली पहुंचाने की बात की थी ।
अब हमारी उपलब्धियों पर सवाल उठाने की बजाए सोनिया और राहुल गांधी जवाब दें कि वादा क्यों पूरा नहीं हुआ । उल्लेखनीय है कि राहुल ने सभी गांवों में बिजली पहुंचाने की एक खबर को पोस्ट करते हुए ट्विट किया था कि ‘एक और झूठ !‘ । इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा कि यह भी इस सरकार का एक जुमला है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



