लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने आज सड़क क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में ये परियोजनाएं स्वीकृत हुईं। बैठक के बाद राज्य सरकार के प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि सभी परियोजनाएं एशियाई विकास बैंक या विश्व बैंक के सहयोग से संचालित होंगी। उन्होंने बताया कि मोहनलालगंज से मौरावां होते हुए उन्नाव, बदायूं से बिल्सी होते हुए बिजनौर, बुलंदशहर-अनूपशहर, मुजफ्फरनगर-बडौत मार्ग, गोला-शाहजहांपुर मार्ग, कप्तानगंज-नौरंगिया तथा कप्तानगंज से हाता, गौरीबाजार होते हुए रूद्रपुर और रूद्रपुर बाईपास तथा अलीगंज-सोरों मार्ग इन परियोजनाओं के तहत दो लेन के बनाये जाएंगे।
शर्मा ने बताया कि सभी परियोजनाओं को 18 माह से 24 माह की अवधि में पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक अन्य फैसले में मंत्रिपरिषद ने निजी क्षेत्र के विश्वविद्यालयों के भूमि मानकों में संशोधन का प्रस्ताव स्वीकृत किया। पहले शहरी क्षेत्र के लिए 40 एकड़ और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 100 एकड़ भूमि का मानक निर्धारित था। अब इसे शहरी क्षेत्र के लिए 20 एकड़ और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 50 एकड़ किया जाएगा ।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



