भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राजनीति करने के लिए कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी पूर्व प्रधानमंत्री का सम्मान नहीं किया। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि उन्होंने गांधी परिवार के बाहर किसी भी नेता का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा, कम से कम आज, इस दुख की घड़ी में, राजनीति से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्रियों पीवी नरसिम्हा राव, मदन मोहन मालवीय और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न देकर पार्टी से जुड़े सभी नेताओं का सम्मान किया है।
त्रिवेदी ने संवदाताओं से कहा, यह दुखद है कि जिस कांग्रेस पार्टी ने डॉ. मनमोहन सिंह का उनके जीवनकाल में कभी सम्मान नहीं किया, आज उनके निधन के बाद भी वे राजनीति करते नजर आ रहे हैं। मैं देश को याद दिलाना चाहता हूं कि डॉ. मनमोहन सिंह नेहरू गांधी परिवार से बाहर के देश के पहले प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने 10 साल तक प्रधानमंत्री का पद संभाला। कांग्रेस का इतिहास रहा है कि उन्होंने सरदार पटेल, लाल बहादुर शास्त्री से लेकर पीवी नरसिम्हा राव तक गांधी परिवार से बाहर के किसी भी नेता का कभी सम्मान नहीं किया।
त्रिवेदी ने आगे कहा मोदी सरकार ने दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर सभी नेताओं को सम्मान दिया है। हमने नरसिम्हा राव, मदन मोहन मालवीय और प्रणब मुखर्जी समेत तीन कांग्रेस नेताओं को भारत रत्न दिया है। भाजपा सांसद ने आगे कहा कि कैबिनेट ने दिवंगत डॉ. मनमोहन सिंह के लिए एक स्मारक और समाधि को अंतिम रूप दिया था और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इसकी जानकारी दी थी। त्रिवेदी ने कहा, भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार देश के आर्थिक विकास की बड़ी नींव रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री को उचित सम्मान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


Download Android App
Download iOS App



