अभिनेता एवं भाजपा सांसद सनी देओल ने कहा कि वह लोगों की टिप्पणियों पर ध्यान नहीं देते हैं और चुपचाप अपना काम करने में विश्वास रखते हैं। देओल गुरदासपुर से सांसद निर्वाचित हुए हैं और लोकसभा में कम उपस्थिति की वजह से उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।
अभिनेता ने आलोचनाओं को नजरअंदाज करते हुए कहा कि वह बिना शोर के अपने क्षेत्र के लिए काफी कुछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरा दायित्व क्षेत्र में काम करना है न कि अपनी डफली बजाना। मेरा काम यह नहीं है कि वहां जाकर फोटो खिचवाऊं ताकि लोग कहें कि कितना अच्छा आदमी है, दान देता है।”
देओल ने कहा कि वह शोहरत की तलाश में रहने वाले व्यक्ति नहीं हैं। अभिनेता से जब यह पूछा गया कि वह राजनीति, अभिनय और निर्देशन के बीच संतुलन कैसे बैठाते हैं तो उन्होंने कहा कि वह सभी जगह में अपना बेहतरीन देंगे।
उन्होंने कहा, “मैं राजनीति में इसलिए आया क्योंकि मेरी कुछ मान्यताएं हैं….जो कुछ मेरी क्षमता में होगा और वह मैं जरूर करूंगा। मुझे उसकी चिंता नहीं है।” बता दें कि अभिनेता अभी ‘पल पल दिल के पास’ में व्यस्त हैं। इस फिल्म के साथ उनके बेटे करण देओल फिल्मी दुनिया में प्रवेश करने जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



