केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को स्वदेशी उत्पादन पर जोर देते हुए कहा कि आयात को समाप्त किए जाने की आवश्यकता है जबकि निर्यात को बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने ”आयात विकल्प और निर्यात उन्मुख विभाग” स्थापित किए जाने का भी सुझाव दिया, जिसे अलग से कोष उपलब्ध कराया जाए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि विभाग को स्वदेशी और स्वावलंबन के सिद्धांत पर कार्य करना चाहिए और अर्थव्यवस्था का मार्गदर्शन करना चाहिए।
स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित एक ऑनलाइन कार्यक्रम में गडकरी ने कहा, ” मुझे लगता है कि आयात-वैकल्पिक वस्तुओं के बारे में जानकारी देकर आयात समाप्त किया जाना चाहिए और निर्यात को बढ़ाना चाहिए।”
कार्यक्रम में कोरोना वायरस के प्रसार की रोकथाम के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन के दौरान श्रमिकों को काम से नहीं हटाने वाली फर्मों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी मनमोहन वैद्य ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और ‘आत्मनिर्भरता’ एवं स्वदेशी पर जोर दिया।


Download Android App
Download iOS App



