तेजस्वी का भी होगा केजरीवाल जैसा हाल, मोदी की गारंटी पर जनता को विश्वास: दिलीप जायसवाल

Summary :

मोदी की गारंटी पर जनता को विश्वास: दिलीप जायसवाल

बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासत तेज हो गई है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “दिल्ली में फ्री बांटने वाले गुरु अरविंद केजरीवाल का सफाया हो गया। अब वही हाल बिहार में उनके चेले तेजस्वी यादव का होगा। क्योंकि, बिहार की जनता को पीएम मोदी की गारंटी में विश्वास है।” दरअसल, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को भागलपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव कोई तांत्रिक नहीं हैं जो सरकार बनाने और बिगाड़ने में जादू टोना कर देंगे। उनकी कहानी खत्म हो चुकी है। पूरे देश में अब भारतीय जनता पार्टी का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर देश की जनता को विश्वास है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। क्षेत्रीय दल इस तरह की बात करेंगे तो हम जवाब देना उचित नहीं समझते हैं। अगर उन्हें हमारी ताकत देखनी है तो वे हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के चुनावी परिणाम देख सकते हैं।

दिलीप जायसवाल ने कहा कि देश की संस्कृति, विरासत और विचारधारा को सिर्फ एनडीए ही जीवित रख सकता है। जिन मुगलों ने हमारी बहु-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ किया, उनके नाम पर मुगलसराय रेलवे स्टेशन नहीं चल सकता है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर स्टेशन चलेगा। देश का युवा संस्कृति, विरासत और विचारधारा वाली सरकार चाहता है। देश के अंदर मोदी की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल द्वारा झूठा वादा कर सरकार बनाई गई। चुनाव आए तो फिर वादे किए। लेकिन, छत्तीसगढ़ की जनता ने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया। देश में कहीं भी इंडी गठबंधन नहीं दिखाई दे रहा है। भारत विश्वगुरु बनेगा और यह सपना पूरा होगा। क्योंकि भारत इस ओर आगे बढ़ चुका है। दिलीप जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “आज भागलपुर के टाउन हॉल सभागार में आगामी 24 फरवरी को भागलपुर में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के संबंध में आयोजित बैठक में भाग लेते हुए तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बात की। भागलपुर में होने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समस्त पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता बंधु अपने स्तर पर हरसंभव प्रयत्न कर रहे हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.