हैदराबाद : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि आतंकवादी संगठन अपनी विचारधारा को फैलाने और आपस में तालमेल के लिए सोशल मीडिया नेटवर्कों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सिंह ने यहां एनएसजी रीजनल हब के उद्घाटन के दौरान कहा , ‘‘ आतंकवादियों से केवल किसी देश को नहीं बल्कि पूरी मानवता को खतरा है। आज आतंकवादी नयी चुनौती खड़ी कर रहे हैं। आप देख रहे होंगे कि यह लगातार अपना चेहरा बदल रहे हैं। ’’ उन्होंने कहा , ‘‘ जब आतंकवादी बर्बर और क्रूरतापूर्ण कृत्यों में शामिल होते हैं तो ये सोशल मीडिया नेटवर्क संपर्क बिंदु के तौर पर , तालमेल के लिए और उनकी विचारधारा को आसानी से फैलाने का प्लेटफॉर्म बन जाते हैं। ’’
सिंह ने कहा , ‘‘ जम्मू कश्मीर को छोड़कर हमारे सुरक्षा बल आतंकी गतिविधियों पर काबू पाने में सफल रहे हैं। जम्मू कश्मीर में भी सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने पिछले कुछ सालों में सफलता हासिल की है। ’’ आतंकी गतिविधियों से निपटने में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड ( एनएसजी ) के प्रयासों की सराहना करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के सतत प्रयासों की वजह से आतंकवादियों का मनोबल गिरा है। उन्होंने कहा , ‘‘ हैदराबाद केंद्र तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवादियों से निपटने में मदद करेगा। ’’ यहां पास के इब्राहिमपटनम में एनएसजी के क्षेत्रीय हब परिसर को 157.84 करोड़ रुपये की लागत से वैश्विक मानकों के साथ तैयार किया गया है।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



