कोच्चि : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज केरल के दो बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया और कहा कि राज्य में स्थिति ‘बहुत गंभीर’ है। उन्होंने अभूतपूर्व बाढ़ के कारण उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र की ओर से राज्य को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मंत्री ने एर्नाकुलम जिले के पारावुर तालुक में एलांतिकारा में एक राहत शिविर में प्रभावित लोगों को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा, “आज मुख्यमंत्री के साथ मैंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और मैं इस नतीजे पर पहुंचा कि केरल में बाढ़ के कारण स्थिति बहुत गंभीर है।” मंत्री ने कहा, “मैं राज्य सरकार को आश्वस्त करना चाहता हूं कि बाढ़ से जु़ड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध करायी जाएगी।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस स्थिति में केंद्र सरकार राज्य की सरकार के साथ पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है। सिंह ने मुख्यमंत्री पी विजयन, केंद्रीय मंत्री अल्फोंस कन्नंतनम, प्रांत के राजस्व मंत्री ई. चन्द्रशेखरन और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में ये बातें कहीं। उन्होंने बाढ़ में घर और भूमि खोने वालों की शिकायतें भी सुनीं। इससे पहले यहां पहुंचने पर सिंह ने कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विजयन, राजस्व मंत्री, कृषि मंत्री वी एस सुनील कुमार, जल संसाधन मंत्री मैथ्यू टी थॉमस और मुख्य सचिव टॉम जोस के साथ बैठक की। मंत्री ने इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया।


Download Android App
Download iOS App



