व‍िकस‍ित छत्तीसगढ़ के न‍िर्माण में आगामी बजट की होगी अहम भूमि‍का : सीएम साय

Summary :

छत्तीसगढ़ के हर वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित है सरकार: सीएम

छत्तीसगढ़ में विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं देते हुए आगामी बजट को समावेशी और विकासोन्मुखी बताया। उन्होंने कहा कि इस सत्र का शुभारंभ राज्यपाल के अभिभाषण से होगा और प्रदेश के हर वर्ग को लाभ पहुंचाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले साल ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करने वाले एक समावेशी बजट पेश किया था, जिससे प्रदेश के सभी वर्गों को लाभ मिला। इस साल भी बजट को समावेशी और सूचनापरक बनाने की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के छत्तीसगढ़ निर्माण के संकल्प को पूरा करने की दिशा में होगा और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।

श्री रामलला दर्शन योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक इस योजना के तहत 20 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा, काशी विश्वनाथ की यात्रा भी कराई गई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में राजिम कुंभ का आयोजन किया गया है, जिसमें देशभर से साधु-संतों का आगमन हुआ है। उन्होंने इसे महाकुंभ के समान महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ नहीं जा सके, वे यहां राजिम कुंभ में शामिल होकर पुण्य के भागीदार बन रहे हैं।

औद्योगिक विकास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने एक नई उद्योग नीति लागू की है, जो छत्तीसगढ़ की परिस्थितियों के अनुरूप बनाई गई है। इस नीति के तहत उन उद्योगों को विशेष सुविधाएं दी जाएंगी, जो एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि निवेशकों को आकर्षित करने के लिए दिल्ली और मुंबई में ‘इन्वेस्टर कनेक्ट’ का आयोजन किया गया, जिससे एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार सरगुजा और बस्तर संभाग के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है और इन क्षेत्रों को संवारने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

महाकुंभ के विशेष संयोग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 144 साल बाद बना यह दुर्लभ अवसर प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए खास रहा। सरकार ने प्रयागराज महाकुंभ में छत्तीसगढ़ से जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 4.5 एकड़ भूमि पर सुविधा केंद्र विकसित किया, जहां 25 से 30 हजार श्रद्धालु ठहरे। उनके रहने, भोजन और जल की निशुल्क व्यवस्था सरकार द्वारा की गई, जिससे छत्तीसगढ़ सरकार को सेवा का अवसर प्राप्त हुआ।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख माताओं के खातों में हर महीने एक-एक हजार रुपये भेज रही है। उन्होंने बताया कि बीते सवा साल में इस योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को बड़ी आर्थिक सहायता दी गई है। इसके साथ ही, सरकार राजकोषीय अनुशासन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति अपनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासन में पारदर्शिता लाने और लालफीताशाही को खत्म करने के लिए ‘ई-फाइल सिस्टम’ लागू किया गया है, जिससे सरकारी कामकाज में तेजी आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार काम कर रही है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद नगरीय निकाय चुनावों में भी भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को भारी समर्थन दिया है और अब सरकार नगरीय क्षेत्रों के विकास में भी तेजी लाएगी। मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार प्रदेश के हर नागरिक के विकास और समृद्धि के लिए समर्पित है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.