सामाजिक सेवा के ध्येय से राजनीति में आने वालों का स्वागत : सुधाकर सिंह

Summary :

परिवारवाद की राजनीति को सुधाकर सिंह ने किया खारिज

राष्ट्रीय जनता दल के नेता सुधाकर सिंह ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे के राजनीति में आने की चर्चा पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सामाजिक सेवा के ध्येय के साथ राजनीति में आने वाले सभी लोगों का स्वागत है। राजनीति में आने वाले सभी लोगों को यह सोचकर आना चाहिए कि उन्हें जनता की सेवा करनी है। अगर आपके मन में यह भाव है, तो आपका राजनीति में स्वागत है।

इसके साथ ही उन्होंने परिवारवाद की राजनीति को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ बात करने वाले लोग जब राजनीति में पदार्पण करते हैं, तो सबसे पहले अपने परिवार के लोगों को ही आगे करते हैं, जिसे मौजूदा समय में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने प्रशांत किशोर पर चुटकी लेते हुए कहा कि अभी तक वो नेता बने भी नहीं हैं, लेकिन उनकी पत्नी नेता बन गई।

इस बीच, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी कटाक्ष किया और कहा कि उनकी मानसिक हालत से पूरा बिहार वाकिफ है। नीतीश कुमार की मानसिक हालत ठीक नहीं होने की वजह से अधिकारियों ने उनके बयान को भी रोक दिया है, क्योंकि वो उल्टे सीधे बयान दे जाते हैं, जो कि सभ्य समाज में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जा सकते हैं। उन्होंने दाव किया कि नीतीश कुमार की मानसिक हालत ठीक नहीं होने की वजह से बिहार के संबंध में कोई भी निर्णय वो खुद से नहीं लेते हैं। उनके एवज में एक गिरोह है, जो बिहार के संबंध में निर्णय लेता है। तेजस्वी यादव भी इस गिरोह का जिक्र कर चुके हैं। पूरा बिहार इस गिरोह के बारे में जानता है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.