मध्यप्रदेश में चलते हैं दो तरह के कानून : कांग्रेस 

Summary :

NULL

भोपाल : मध्यप्रदेश कांग्रेस ने रायसेन जिले के उदयपुरा से आज ‘न्याय यात्रा’ की शुरूआत करते हुए आरोप लगाया कि भाजपानीत प्रदेश सरकार के राज में दो तरह के कानून चलते हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश में सवा चौदह साल से काबिज भाजपानीत सरकार के राज में दो तरह के कानून हैं। एक मंत्रियों एवं भाजपा नेताओं के लिये तथा दूसरा प्रदेश की आम जनता के लिये है।’’  उन्होंने कहा, ‘‘जब आम लोगों के खिलाफ अपराध होता है तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की बात करने के साथ-साथ और सख्त कानून बनाने को कहते हैं। लेकिन जब उनके लोग (मंत्री एवं भाजपा नेता) अपराध में शामिल होते हैं तो उनका नजरिया बदल जाता है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है।’’ सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में यह न्याय यात्रा प्रदेश के हरेक कस्बे में निकाली जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश के मतदाता इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखायेगी।’’ सिंह ने बताया, ‘‘प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं आमजन को धोखा दिया जा रहा है। इसलिए वे न्याय चाहते हैं।’’ कांग्रेस ने अपनी न्याय यात्रा की शुरूआत रायसेन जिले के उदयपुरा से की है, क्योंकि प्रदेश के विधि एवं विधायी कार्य मंत्री रामपाल सिंह की कथित पुत्रवधु प्रीति रघुवंशी द्वारा 17 मार्च को वहां पर खुदकुशी कर ली थी। न्याय यात्रा में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और प्रीति के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी खुदकुशी के 19 दिन बाद भी पुलिस ने मंत्री रामपाल सिंह के परिवार के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। उनकी मांग है कि 24 घंटों के अंदर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाये।

24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।

Desk Team