सुप्रीम कोर्ट के तीन तलाक पर फैसले के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की पहली बैठक भोपाल में हो रही है। बैठक में तीन तलाक और बाबरी मस्जिद जैसे मुद्दों पर चर्चा जारी है। सूत्रों की मानें तो तीन तलाक के मुद्दे पर बोर्ड सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ किसी तरह का कोई कदम नहीं उठाएगा और प्रगतिशील नजरिए के साथ आगे बढ़ेगा। मीटिंग के एजेंडा में दो महत्वपूर्ण बिंदू सुप्रीम कोर्ट द्वारा तीन तलाक पर दिए गए फैसले और बाबरी मस्जिद शामिल हैं। एक दिन चलने वाली इस मीटिंग में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड सुप्रीम कोर्ट के तीन तलाक पर दिए गए फैसले पर अपने पक्ष पर निर्णय लेगी।
इससे पहले बोर्ड के सचिव जफरयाब जिलानी ने इस मुद्दे पर जारी सियासत पर नाखुशी जताई और कहा कि रूलिंग पार्टी हिन्दू और मुसलमानों को लड़ाकर सियासी फायदा उठाना चाहती है। बैठक में तीन महिला मेम्बर भी शामिल हैं। तीन तलाक पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद यह बैठक इसीलिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि तीन तलाक को लेकर बोर्ड में लोगों की अलग-अलग राय है। बोर्ड में कुछ लोगों की राय है कि तीन तलाक शरीयत से जुड़ा मसला है और सरकार या कोर्ट इसमें दखल नहीं दे सकता।ऐसा पहली बार हो रहा है जब ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने तीन तलाक और शरीयत के नियमों को लेकर महिलाओं का सम्मेलन बुलाया है। यह सम्मलेन सोमवार को होगा जिसमें केवल महिलाएं ही शामिल हो सकेंगी।


Download Android App
Download iOS App



