विधानसभा उपचुनाव के लिए 6 उम्मीदवारों की घोषणा
तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के छह विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव के लिए शनिवार को उम्मीदवारों की घोषणा की। तृणमूल कांग्रेस ने कूच बिहार जिले के सीताई से संगीता रॉय, अलीपुरद्वार के मदारीहाट से जय प्रकाश टोप्पो, नैहाटी से सनत डे, उत्तर 24 परगना के हरोआ से एसके रबीउल इस्लाम, बांकुड़ा के तलडांगरा से फाल्गुनी सिंहबाबू और पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर से सुजॉय हाजरा को मैदान में उतारा गया है।
विधायकों के इस्तीफे के कारण उपचुनाव आवश्यक
तृणमूल कांग्रेस ने 2021 के विधानसभा चुनावों में इनमें से पांच सीट पर जीत दर्ज की थी। मदारीहाट में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी। इस वर्ष के लोकसभा चुनावों में जीत के बाद छह विधानसभा क्षेत्रों के तत्कालीन विधायकों के इस्तीफे के कारण उपचुनाव आवश्यक हो गए थे। भाजपा ने राज्य की छह विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी है, जहां नवंबर में उपचुनाव होंगे, जबकि वाम मोर्चा और कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
बलात्कार-हत्या के मामले को लेकर डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन
आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्नातकोत्तर प्रशिक्षु की बलात्कार-हत्या के मामले को लेकर डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन के बीच चुनावी मुकाबला सभी राजनीतिक दलों के लिए अग्निपरीक्षा साबित होने की उम्मीद है। राज्य के जूनियर डॉक्टरों ने नौ अगस्त को आर जी कर अस्पताल में अपने सहकर्मी के कथित बलात्कार और हत्या के बाद ‘काम बंद’ कर दिया था। वे 50 दिनों के काम बंद के बाद 5 अक्टूबर से अब दो चरणों में अनशन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी डॉक्टर सरकारी अस्पताल की मृतक महिला चिकित्सक के लिए न्याय और राज्य के स्वास्थ्य सचिव एनएस निगम को तत्काल हटाने की मांग कर रहे हैं।
13 नवंबर को होने उपचुनाव
बता दें कि राज्य की छह सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल की इन उपचुनाव के नतीजे 23 नवंबर को सामने आएंगे। जिन निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं, उनमें अलीपुरद्वार जिले का मदारीहाट, कूच बिहार का सीताई, उत्तर 24 परगना के नैहाटी और हरोआ, बांकुरा के तलडांगरा और पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर हैं।


Download Android App
Download iOS App




