1. असम के लोगों से PM की अपील, कांग्रेस बोली- मोदी जी, वहां इंटरनेट सेवा बंद है
कांग्रेस ने असम के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नागरिकता संशोधन विधेयक को लेकर आश्वासन दिए जाने के बाद उन पर तंज कसते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वहां के लोग प्रधानमंत्री के संदेश नहीं पढ़ सकते क्योंकि इंटरनेट सेवा बंद है।
2. अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की सभी पुनर्विचार याचिकाएं
सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद प्रकरण में नौ नवंबर के फैसले पर पुनर्विचार के लिए दायर सभी याचिकाएं गुरुवार को खारिज कर दीं। इस फैसले के बाद अयोध्या में 2.77 एकड़ विवादित भूमि पर राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो गया था। प्रधान न्यायाधीश एस ए बोबडे की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने चैंबर में इन पुनर्विचार याचिकाओं पर संक्षिप्त विचार के बाद उन्हें खारिज कर दिया।
3. आईयूएमएल ने नागरिकता संशोधन विधेयक को सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
सुप्रीम कोर्ट में आज नागरिकता (संशोधन) विधेयक के खिलाफ पहली याचिका दायर हो चुकी है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने कोर्ट में विधेयक के खिलाफ याचिका दायर की है। आईयूएमएल ने अपनी याचिका में कहा कि धर्म के आधार पर वर्गीकरण की संविधान इजाजत नहीं देता। ये बिल संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन है, इसलिए इस विधेयक को रद्द किया जाए।
4. लोकसभा में निर्मला सीतारमण ने दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता दूसरा संशोधन विधेयक 2019 पेश किया
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरूवार को लोकसभा में दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता दूसरा संशोधन विधेयक 2019 पेश किया। दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता, 2016 का और संशोधन करने के लिए लाये गये इस विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को ही मंजूरी दी है। इससे पहले संहिता में तीन संशोधन हो चुके हैं। कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों ने आज विधेयक पेश किये जाने का विरोध किया।
5. केंद्र सरकार महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर संविधान की आत्मा छलनी करने वाला बिल लाई : प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नागरिकता संशोधन विधेयक संसद से पारित होने के बाद गुरुवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘संविधान की आत्मा को छलनी करने वाला विधेयक’ उस वक्त लाया गया है जब सरकार महात्मा गांधी की 150वीं जयंती बनने का ढिंढोरा पीट रही है।
6. नागरिकता विधेयक को लेकर इमरान खान ने किया भारत सरकार पर प्रहार, बताया- ‘‘हिंदू सर्वोच्चवादी एजेंडा’’
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने बृहस्पतिवार को भारत सरकार पर आरोप लगाया कि वह सुनियोजित तरीके से ‘‘हिंदू सर्वोच्चवादी एजेंडा’’ को आगे बढ़ा रही है और ‘‘इससे पहले कि देर हो जाए, विश्व को अवश्य ही कदम उठाना चाहिए।’’ खान ने सिलसिलेवार ट्वीट में विवादास्पद नागरिकता (संशोधन) विधेयक का जिक्र किया। उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘भारत, (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी के तहत हिंदू सर्वोच्चवादी एजेंडा के साथ सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ रहा है।’’
7. बांग्लादेशी घुसपैठियों पर ममता के ‘यू टर्न’ पर भाजपा ने साधा निशाना
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नागरिकता संशोधन विधेयक और एनआरसी को राज्य में न लागू करने की बात कही है। इस पर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा ने उन्हें 14 साल पुराना भाषण याद दिलाया है, जो उन्होंने बतौर कोलकाता दक्षिण सांसद लोकसभा में दिया था। इस भाषण में ममता बनर्जी ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को पश्चिम बंगाल के लिए आपदा करार दिया था।
8. महाराष्ट्र में BJP की कोर समिति की सदस्य नहीं, बावजूद पार्टी नहीं छोड़ूंगी : पंकजा मुंडे
महाराष्ट्र की बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे ने गुरुवार को कहा कि वह अब पार्टी की प्रदेश कोर समिति की सदस्य नहीं हैं लेकिन वह संगठन नहीं छोड़ेंगी। दिवंगत पिता गोपीनाथ मुंडे की जंयती पर बीड में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए पंकजा ने कहा कि बीजेपी उनके पार्टी में रहने को लेकर फैसला करने के लिए स्वतंत्र है।
9. नाईजीरिया में आतंकवादी हमले से सेना के 71 जवान मारे गये, 12 घायल
नाईजीरिया के टिल्लाबेरी क्षेत्र में आतंकवादी हमले में सेना के कम से कम 71 जवान मारे गये हैं और 12 घायल हुए हैं। इस हमले के बाद से कई जवान लापता भी हैं।
10. झारखंड : धनबाद में रैली को संबोधित करते हुए बोले PM मोदी-कांग्रेस में सोच और संकल्प की कमी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस में सोच और संकल्प की कमी रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने किए गए वादे को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी राष्ट्रहित की राजनीति करती है और उसके लिए दिन-रात मेहनत करती है। झारखंड के धनबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर जमकर निशाना साधा।
11. सड़क निर्माण के लिए पेड़ों को काटने की बजाय उसका प्रतिरोपण होगा : नितिन गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि अब राजमार्गों के निर्माण के लिए पेड़ों को काटने की बजाय उनके प्रतिरोपण (ट्रांसप्लांटेशन) का निर्णय लिया गया है। गडकरी ने सदन में गोपाल शेट्टी, पंकज चौधरी और कुछ अन्य सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर में यह जानकारी दी।
12. झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनते ही किसानों का ऋण किया जाएगा माफ : राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार को चंद पूंजीपतियों के लिए काम करने वाली सरकार बताते हुए वादा किया कि यदि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन सत्ता में आती है तो सबसे पहले किसानों के दो लाख रुपये तक के ऋण माफ करेगी। राहुल गांधी ने आज अपने गठबंधन सहयोगी झामुमो के प्रत्याशी केतुबुद्दीन शेख के समर्थन में आयोजित जनसभा में यह बात कही।
13. अगस्ता घोटाला : धनशोधन मामले में रतुल पुरी की जमानत रद्द कराने कोर्ट पहुंची ईडी
प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर अगस्ता वेस्टलैंड धन शोधन मामले में रतुल पुरी को निचली अदालत से मिली जमानत रद्द करने का अनुरोध किया। पुरी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के भांजे हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल और न्यायमूर्ति सी हरि शंकर के पीठ के समक्ष आई, जिन्होंने इसे सुनवाई के लिए शुक्रवार को सूचीबद्ध करने की इजाजत दे दी।
14. असम : CAB पर बवाल के बीच गुवाहाटी में कई अफसरों के हुए तबादले, 10 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद
असम में नागरिकता (संशोधन) विधेयक के खिलाफ हो रहे हिंसक प्रदर्शनों के बीच गुरुवार को राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर नौकरशाहों के तबादले किए गए। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त और कानून-व्यवस्था के लिए जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारियों को बदल दिया। आयुक्त और सचिव (गृह एवं राजनीति) आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया कि गुवाहाटी के पुलिस प्रमुख दीपक कुमार को हटाकर उनके स्थान पर मुन्ना प्रसाद गुप्ता को नियुक्त किया गया है।
15. केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर में कश्मीर जैसी स्थिति दोहराई : कांग्रेस
नागरिकता संशोधन विधेयक (सीएबी) के खिलाफ पूर्वोत्तर के राज्यों में हो रहे हिंसक प्रदर्शनों पर कांग्रेस ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि वह सेना की तैनाती और मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बंद कर कश्मीर की स्थिति को दोहरा रही है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने शून्य काल के दौरान यह मामला उठाया।
16. कांग्रेस ने राज्यसभा में उठाया राज्यों को जल्द से जल्द GST का हिस्सा देने का मुद्दा
राज्यसभा में राज्यों को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में संग्रहित राजस्व में से उनका हिस्सा शीघ्र देने की मांग करते हुए गुरुवार को कहा गया कि सरकार को देरी के संबंध में स्पष्टीकरण देना चाहिए। कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने सदन में शून्यकाल के दौरान ने कहा कि राज्यों की वित्तीय हालत दिनोंदिन खराब होती जा रही है। उन्हें अपना दिन प्रति दिन का कामकाज निपटाना मुश्किल हो रहा है। केंद्र सरकार को जल्दी से जल्दी जीएसटी में से उनका हिस्सा देना चाहिए।
17. CAB :बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने भारत दौरा किया रद्द
विवादित नागरिकता (संशोधन) विधेयक संसद में पारित होने के बाद उपजे हालात को देखते हुए बांग्लादेश के विदेश मंत्री ए के अब्दुल मोमेन ने गुरुवार से शुरू होने वाला अपना भारत का तीन दिवसीय दौरा रद्द कर दिया है। राजनयिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
18. हैदराबाद एनकाउंटर मामले में SC ने 3 सदस्यीय जांच आयोग का किया गठन
हैदराबाद एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है। मामले में सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस एसए बोवडे ने कहा कि लोगों को सच जानने का अधिकार है। हम इस मामले में निष्पक्ष जांच चाहते हैं। कोर्ट ने कहा की अगले आदेश तक कोई अन्य कोर्ट या प्राधिकरण इस मामले में पूछताछ नहीं करेगा।सुप्रीम कोर्ट ने तेलंगाना सरकार के इस तर्क को खारिज कर दिया कि मामले में पहले से ही जांच चल रही है।
19. JNU छात्रों ने फीस वृद्धि को लेकर परीक्षाओं का बहिष्कार किया
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों ने छात्रावास की फीस वृद्धि के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को परीक्षाओं का बहिष्कार किया। हालांकि स्कूल ऑफ संस्कृत एवं इंडिक स्टडीज (एसएसआईएस) में छात्र परीक्षाओं में बैठे।
20. बड़े स्कोर बनाने के लिये अच्छी सीख रही यह जीत : केएल राहुल
भारत के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का मानना है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ निर्णायक तीसरे वनडे में मिली जीत से बड़े स्कोर बनाने के लिये अच्छी सीख मिली जो उनकी टीम लगातार नहीं कर पा रही थी। राहुल ने आखिरी मैच में 91 रन की पारी खेली। भारत ने तीसरा मैच 67 रन से जीतकर श्रृंखला 2 .1 से अपने नाम की।


Download Android App
Download iOS App



