TOP 20 NEWS 30 January : आज की 20 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

जानिए देश, विदेश, खेल, और व्यापार से जुड़ी खबरें-ये आज का टॉप 20 न्यूज़ मेनू बताएगा आपको आज की बड़ी और ताज़ा खबरों का पिटारा

1. सीएए प्रदर्शन : जामिया में पुलिस के सामने पिस्तौल लहराकर युवक ने की फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों ने गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि स्थल राजघाट जाने के लिए जैसे मार्च निकाला वैसे ही कैम्पस से चंद कदमों की दूरी पर पुलिस के सामने अचानक एक शख्स पिस्तौल लहराता हुआ आया और भीड़ पर गोली चला दी जिससे एक छात्र घायल हो गया। 
2. सीएए विरोध : शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने नहीं दी जामिया से राजघाट तक मार्च की इजाजत
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में शाहीन बाग में डेढ़ महीने से धरने पर जमी बैठीं महिलाओं को दिल्ली पुलिस ने शांतिभंग की आशंका के चलते जामिया से राजघाट तक मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी। हालांकि इस बाबत दिल्ली पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। 
3. जेपी नड्डा ने केजरीवाल सरकार पर साधा निशाना, पूछा- कहां हैं एक हजार मोहल्ला क्लीनिक
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने गुरुवार को सोशल मीडिया के माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने ट्विटर पर मुख्यमंत्री केजरीवाल के बयानों का ही एक वीडियो जारी करते हुए कहा लिखा, “केजरीवाल जी, आपने हर साल एक हजार मोहल्ला क्लीनिक खोलने का वादा किया। एक हजार क्लीनिक खोलना तो दूर, जो कुछ खुले भी, उनमें न दवाएं हैं, न सुविधाएं।” 
4. वायनाड में राहुल गांधी ने PM पर साधा निशाना, बोले- गोडसे और मोदी एक ही विचारधारा में विश्वास रखते हैं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की तुलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से करते हुए गुरुवार को कहा कि दोनों एक ही विचारधारा में विश्वास रखते हैं। संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ यहां एक रैली में मोदी पर निशाना साधते हुए हुए उन्होंने कहा कि वह भारतीयों से भारतीय होने का सबूत मांग रहे हैं। 
5. स्मृति ईरानी बोली- देश तोड़ने का काम कर रहे हैं लोकसभा चुनाव न जीत पाने वाले लोग
केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय लोकसभा सांसद स्मृति जुबिन ईरानी ने गुरूवार को कहा कि 2019 में लोकसभा का चुनाव न जीत पाने वाले लोग शाहीन बाग जैसे मामलों को समर्थन देकर देश तोड़ने का काम कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी का नाम लेते हुए स्मृति ने कहा ‘‘इसके नेता मनीष सिसोदिया तथा कुछ ऐसे ही दल शाहीन बाग के धरना प्रदर्शन को समर्थन दे रहे है, जहां देश विरोधी नारे लग रहे है, संविधान की आलोचना हो रही है, महात्मा गांधी को कोसा जा रहा है, जिन्ना वाली आजादी की बात हो रही है, हमारे समाज के कुछ समुदायों की कब्र बनाने की बात हो रही है।” 
6. जामिया गोलीबारी : प्रियंका ने साधा सरकार पर निशाना, बोली- जब मंत्री उकसाएंगे तो यह सब मुमकिन है
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया परिसर के बाहर सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर एक युवक द्वारा गोली चलाने की घटना को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जब सरकार के मंत्री एवं नेता लोगों को उकसाएंगे तो यह सब होना मुमकिन है। उन्होंने यह सवाल भी किया कि प्रधानमंत्री मोदी कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं और वह विकास के साथ खड़े हैं या फिर अराजकता के साथ खड़े हैं? 
7. केजरीवाल ने किया मोहल्ला क्लीनिक खोलने का वादा, चुनाव आयोग ने थमाया कारण बताओ नोटिस
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिये छह जनवरी को चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद तीस हजारी अदालत परिसर में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा मोहल्ला क्लीनिक खोलने का वादा करने पर चुनाव आयोग ने गुरुवार को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। चुनाव आयोग ने केजरीवाल को भेजे नोटिस में उनसे 31 जनवरी को शाम पांच बजे तक इस मामले में अपना पक्ष रखने को कहा है। आयोग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार मकर संक्रांति से पहले 13 जनवरी को वकीलों द्वारा आयोजित लोहड़ी समारोह में केजरीवाल ने दिल्ली के सभी अदालत परिसरों में जमीन मुहैया कराए जाने पर मोहल्ला क्लीनिक खोलने का वादा किया था। 
8. बजट सत्र से पहले केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक की, हर मुद्दे पर चर्चा करने और विपक्ष की राय सुनने को तैयार
संसद के बजट सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सर्वदलीय बैठक में कहा कि सरकार विपक्ष की राय सुनने और हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी। 
9. महात्मा गांधी के विचार एवं आदर्श सक्षम, सशक्त न्यू इंडिया के लिये प्रेरित करते रहेंगे : PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 72वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके विचार और आदर्श हमें सशक्त, सक्षम और समृद्ध न्यू इंडिया के निर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे। 
10. 99 प्रतिशत उम्मीद है कल बहुप्रतिक्षित मंत्रिमंडल विस्तार के लिए मंजूरी मिल जाएगी : CM येदियुरप्पा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को कहा कि उन्हें 99 प्रतिशत उम्मीद है कि 31 जनवरी तक केंद्रीय नेतृत्व से बहुप्रतिक्षित मंत्रिमंडल विस्तार के लिए मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से गुरुवार शाम को मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा के लिए मिलने का समय मिला है और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलने के लिए उनकी उपलब्धता को देख रहे हैं।
11. CM केजरीवाल बोले- दिल्ली की जनता ही फैसला करेगी कि मैं उनका बेटा हूं, भाई हूं या फिर आतंकवादी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह यह निर्णय दिल्ली की जनता पर छोड़ते हैं कि वह उन्हें अपना बेटा मानते हैं, भाई मानते हैं या फिर आतंकवादी समझते हैं। केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ ये निर्णय आज मैं आप पर छोड़ता हूँ कि मैं आपका बेटा हूं, भाई हूं या आतंकवादी।’’ 
12. राज्यपाल ने ममता पर साधा निशाना, कहा- बंगाल में हो चुका है कानून शासन ध्वस्त
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने निशाना साधा। उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस शासन को इस बात का आत्ममंथन करना चाहिए कि पश्चिम बंगाल में कानून का शासन क्यों ध्वस्त हो गया है।
13. जामिया में गोलीबारी भाजपा नेताओं के भड़काऊ भाषण का नतीजा : डी राजा
भाकपा महासचिव डी राजा ने जामिया में हुई गोलीबारी को लेकर भाजपा नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया के पास हुई घटना का कारण दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेताओं के भड़काऊ भाषण का नतीजा है। राजा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह घटना महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को हुई। 
14. कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- चुनाव में आपत्तिजनक भाषा बोलने वाले नेताओं के खिलाफ हो कार्रवाई
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनावों में नेताओं द्वारा आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा है कि निर्वाचन आयोग को ऐसी जुबान बोलने नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। सिंधिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘‘चुनाव प्रचार में ऐसे शब्दों के प्रयोग की निंदा होनी चाहिए। ऐसे अनेक उदाहरण देखने को मिल रहे हैं, जिसमें राजनीतिक भाषा का स्तर गिरता जा रहा है, इसका एक स्तर होना चाहिए। 
15. मणिशंकर अय्यर बोले- टुकड़े-टुकड़े करने वाले हम नहीं मोदी सरकार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने गुरुवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर देश को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि ” टुकड़े-टुकड़े करने वाले हम नहीं,यह सरकार है।” पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा की ओर से निकाली गई ”गांधी शांति यात्रा ” के समापन के मौके पर कांग्रेस नेता ने यह टिप्पणी की।
16. राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी सहित विभिन्न नेताओं ने महात्मा गांधी को 72वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न नेताओं और पूरे देश ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 72वीं पुण्यतिथि पर उनका स्मरण किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 
17. पीएनबी धोखाधड़ी मामला : ब्रिटेन की कोर्ट में सुनवाई के लिए पेश होंगे नीरव मोदी
भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को बृहस्पतिवार को ब्रिटेन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत में नियमित सुनवाई के लिए पेश किया जाएगा। नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक के साथ करीब दो अरब डॉलर की कर्ज धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में भारत में वांछित है। ब्रिटेन में उसके प्रत्यर्पण को लेकर सुनवाई चल रही है। वैंड्सवर्थ कारागार में कैद नीरव मोदी जेल से वीडियो लिंक के जरिये अदालत के समक्ष पेश होगा। उसके प्रत्यर्पण पर सुनवाई 11 मई से शुरू होनी है और इसके करीब पांच दिन चलने का अनुमान है। 
18. EU संसद में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रस्ताव पर हुई चर्चा, मार्च में होगा मतदान
भारत के संशोधित नागिरकता कानून (सीएए) के खिलाफ यूरोपीय संसद के सदस्यों (एमईपी) द्वारा पेश संयुक्त प्रस्ताव पर ब्रसेल्स में चर्चा हुई और इस पर गुरुवार को होने वाले मतदान को मार्च सत्र तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। 
19. निर्वाचन आयोग के बाहर धरने पर बैठे ‘आप’ नेता, प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की
भाजपा नेता प्रवेश वर्मा द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को कथित तौर पर आतंकवादी कहे जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नाराज वरिष्ठ नेता उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग के बाहर धरने पर बैठ गए। इन नेताओं में आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह और पंकज गुप्ता शामिल हैं। इन्होंने अपने हाथों में ‘दिल्ली के बेटे केजरीवाल को आतंकवादी कहने वाले पर कार्रवाई करो’ की तख्तियां ले रखी थीं।
20. शरजील इमाम ने कबूला गुनाह, बोला- वायरल हुआ वीडियो मेरा ही, नहीं हुई कोई छेड़छाड़
राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार जेएनयू छात्र शरजील इमाम ने कई चौकाने वाले खुलासे किए हैं। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा से पूछताछ में शारजील ने कबूल किया है कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में भड़काऊ भाषण देने का वीडियो उसका ही है। 

Desk Team