Top 20 News – 7 July : आज की 20 सबसे बड़ी ख़बरें

Summary :

प्रशंसा करते हुए आईसीसी ने इस पूर्व कप्तान की उपलब्धियों को साझा करके उन्हें ‘भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलने वाला’ करार किया।

1. ज्योतिरादित्य सिंधिया का कांग्रेस महासचिव पद से इस्तीफा

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिदादित्य सिंधिया ने आज महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने लोकसभा चुनाव में हुई हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपना  इस्तीफा दिया।
2. हरियाणवी डांसर सपना चौधरी भाजपा में हुई शामिल
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान में रविवार को मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने पहली सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा के डॉ हर्षवर्धन और विजय गोयल समेत कई नेता मौजूद रहे।
3. मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से मिलिंद देवड़ा ने दिया इस्तीफा
मुंबई कांग्रेस प्रमुख मिलिंद देवड़ा ने रविवार को इस पद से अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी और कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका निभाने की आशा करते हैं। देवड़ा ने इस साल के आखिर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव तक नगर पार्टी इकाई के कामकाज की देखरेख के लिए कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं की सदस्यता वाली एक अस्थायी सामूहिक नेतृत्व (समिति) गठित करने की सिफारिश की है।
4. कर्नाटक के राजनीतिक संकट के लिए भाजपा जिम्मेदार : मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक के मौजूदा राजनीतिक संकट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केन्द्रीय नेताओं तथा केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि वे ही राज्य की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर कर रहे हैं। उन्होंने यह उम्मीद भी जताई है कि कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के जिन विधायकों ने इस्तीफे दिए हैं, वे एक बार अपने निर्णय पर विचार करेंगे।
5. बढ़ते अपराध के लिए एक दूसरे को दोष देना समाधान नहीं, केंद्र के साथ करेंगे सहयोग : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ती अपराध दर के मुद्दे पर केंद्र के खिलाफ उनका रुख नरम नहीं हुआ है लेकिन इसे लेकर एक दूसरे को “दोष देना” समाधान नहीं है।
6. बजट के बाद बढ़े पेट्रोल और डीजल के दाम रविवार को स्थिर
पेट्रोल और डीजल के दाम रविवार को स्थिर रहे। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पेट्रोल का दाम 72.96 रुपये और डीजल का 66.69 रुपये प्रति लीटर बना हुआ है। एक दिन पहले दिल्ली में पेट्रोल के भाव में 2.45 रुपये और डीजल में 2.36 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।
7. कर्नाटक सरकार को बचाने के लिए कुमारस्वामी के पद से हटने की संभावना
कर्नाटक में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए कांग्रेस और जनता दल(सेक्युलर) गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी अपने पद से इस्तीफा देकर राज्य की बागडोर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप सकते हैं ताकि राज्य की 13 माह पुरानी सरकार को किसी भी तरह बचाया जा सके।
8. टीम इंडिया को श्रीलंका पर शानदार जीत की बधाई, पूरा हिंदुस्तान आपके साथ है : प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भारतीय क्रिकेट टीम को विश्व कप क्रिकेट में श्रीलंका पर शानदार जीत हासिल करने के लिए बधाई दी है। प्रियंका गांधी ने रविवार को ट्वीट किया, “टीम इंडिया को श्रीलंका पर शानदार जीत की बधाई। भारतीय टीम विश्वकप में सबसे शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम बनकर उभरी है। पूरा हिंदुस्तान आपके साथ है। सेमी फाइनल के लिए शुभकामनाएं।”
9. विधानसभा-लोकसभा जितनी ज्यादा चलेगी, सरकार उतनी ही जवाबदेह और पारदर्शी बनेगी : ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा जितनी ज्यादा चलेगी, सरकार उतनी ही जवाबदेह और पारदर्शी बनेगी क्योंकि सदन के माध्यम से हर जिले, गांव, ढाणी की समस्याओं का सरकार को पता चलता है।
10. कर्नाटक के असंतुष्ट विधायकों के मुंबई में होने की कोई जानकारी नहीं : भाजपा
महाराष्ट्र भाजपा ने रविवार को दावा किया कि उसे कर्नाटक के कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन के 10 असंतुष्ट विधायकों के मुंबई में होने की कोई जानकारी नहीं है। कर्नाटक की सत्तारूढ़ जद(एस)-कांग्रेस सरकार शनिवार को गठबंधन के 13 विधायकों के अचानक इस्तीफा देने के बाद संकट में आ गई। इन विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपा है।
11. CM योगी ने 500 से अधिक फरियादियों की सुनी समस्या, न्याय का दिया भरोसा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगे जनता दरबार में 500 से अधिक फरियादियों की समस्या सुनी और उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। सीएम योगी की आज गोखनाथ मंदिर में दिनचर्या पूरी तरह से परंपरागत रही।
12. बजट में पेट्रोल-डीजल पर कर मध्य वर्ग को दुखी करने के लिए नहीं बढ़ाया गया : सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि वित्त वर्ष 2019-20 के केंद्रीय बजट में जीवाश्म ईधन और इलेक्ट्रिक कारों पर करों के प्रस्ताव से लोग प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों से बचेंगे और वे या तो इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करेंगे या सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करेंगे।
13. अब 50 हजार से अधिक के नकद लेन-देन में PAN की जगह आधार का किया जा सकता है उपयोग
अब पचास हजार से अधिक के नकद लेन-देन में पैन की जगह आधार का उपयोग किया जा सकता है। राजस्व सचिव अजय भूषण पांडे ने कहा कि 50,000 रुपये से अधिक के नकद लेन-देन और अन्य मकसद से उन जगहों पर आधार संख्या का जिक्र किया जा सकता है जहां परंपरागत रूप से पैन संख्या का उपयोग अनिवार्य है।
14. जब अचानक पटना के रेस्त्रां में पहुंचे राहुल गांधी, डोसा और कॉफी का उठाया लुत्फ
पटना के एक रेस्त्रां में डिनर करने आए लोग शनिवार को उस समय हैरान हो गए जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी वहां खाना खाने पहुंचे। पटना में एक अदालत में पेश होने और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी द्वारा दायर मानहानि के मामले में जमानत मिलने के बाद राहुल गांधी वापसी की अपनी फ्लाइट पकड़ने के लिए हवाईअड्डे जा रहे थे।
15. अमित शाह बोले- हार के बाद पार्टियां विभाजित हो जाती है लेकिन भाजपा नहीं
भाजपा प्रमुख अमित शाह ने कहा कि चुनावों में हार के बाद कई पार्टियां विभाजित हो जाती हैं क्योंकि वह व्यक्ति, परिवार और जाति के आधार पर चलती हैं, लेकिन भाजपा के साथ ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा के आधार पर पिछले कुछ वर्षों में मजबूत हुई है।
16. कांग्रेस डूबता जहाज है, इसलिए विधायक इसे छोड़ते जा रहे हैं : शिवराज सिंह चौहान
भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को यहां कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है जिसके कप्तान राहुल गांधी इसे छोड़कर जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में विधायकों का पार्टी छोड़ना भी इसी का परिणाम है।
17. मरियम नवाज ने किया दावा- जज को ब्लैकमेल कर नवाज शरीफ को दोषी ठहराया गया
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) की नेता मरियम नवाज ने एक वीडियो क्लिप जारी किया है जिसमें जवाबदेही अदालत के एक न्यायाधीश कथित तौर यह स्वीकार करते नजर आ रहे हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराने के लिए उन्हें “ब्लैकमेल किया गया और उन पर दबाव डाला गया था।”
18. भ्रष्टाचार मामला में पाकिस्तान के एनएबी ने शहबाज को 12 जुलाई को पेश होने का दिया निर्देश
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख शहबाज शरीफ को ‘भ्रष्टाचार के मामले में पाकिस्तान के राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो ने 12 जुलाई को पेश होने का निर्देश दिया। यह मामला ‘लाहौर वेस्ट मैनेजमेंट कम्पनी’ से जुड़ा हुआ है।
19. धोनी ने जीवा, साक्षी और साथी खिलाड़ियों के साथ इस तरह मनाया 38 वां जन्मदिन, वीडियो वायरल
बीते शनिवार को आईसीसी विश्व कप 2019 का 45वां मैच भारत और श्रीलंका के बीच में खेला गया और इस मैच में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया है। अब मंगलवार को भारतीय टीम और न्यूूजीलैंड के बीच में पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा और जो जीता का वह फाइनल में पहुंच जाएगा।
20. धोनी ने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया : आईसीसी
महेन्द्र सिंह धोनी के शानदार करियर की प्रशंसा करते हुए आईसीसी ने इस पूर्व कप्तान की उपलब्धियों को साझा करके उन्हें ‘भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलने वाला’ करार किया। रविवार को अपना 38वां जन्मदिन मनाने वाले धोनी क्रिकेट के तीनों वैश्विक खिताब जीतने वाले इकलौते कप्तान है।

Desk Team