1 – अगर डोनाल्ड ट्रंप चुनाव हारे, तो भी बनाएंगे एक रिकॉर्ड
अमेरिका चुनाव 2020 : राष्ट्रपति पद के लिए वोटों की गिनती जारी है। अब तक के नतीजों में डेमोक्रेट उम्मीदवार जो बाइडेन आगे चल रहे हैं और ट्रंप काफी पीछे हैं। चुनाव के दो दिन बाद भी अभी तक कोई उम्मीदवार जीत दर्ज करने के लिए आवश्यक मत हासिल नहीं कर पाया है। लेकिन निर्णायक माने जाने वाले राज्यों विस्कॉन्सिन और मिशिगन में जीत दर्ज कर बाइडेन 264 के आंकड़े पर पहुंच गये हैं। बता दें कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव जीतने में विफल रहते हैं, तो वे पिछले तीन दशक में पहले ऐसे राष्ट्रपति होंगे जो राष्ट्रपति रहते हुए अगला चुनाव हार गए हों। दरअसल, साल 1992 में जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश अपना दूसरा कार्यकाल जीतने में विफल रहे थे क्योंकि डेमोक्रेट बिल क्लिंटन चुनाव जीत गए। बुश के बाद से, सभी तीन अमेरिकी राष्ट्रपतियों- बिल क्लिंटन, जॉर्ज डब्ल्यू बुश (जूनियर) और बराक ओबामा ने फिर से चुनाव जीता है।
2 – सुप्रीम कोर्ट ने कहा – घर की चारदीवारी के अंदर SC/ST पर अपमानजनक टिप्पणी अपराध नहीं
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) से संबंधित किसी व्यक्ति के खिलाफ घर की चारदीवारी के अंदर किसी गवाह की अनुपस्थिति में की गई अपमानजनक टिप्पणी अपराध नहीं है। इसके साथ ही न्यायालय ने एक व्यक्ति के खिलाफ एससी-एसटी कानून के तहत लगाए गए आरोपों को रद्द कर दिया, मामला यह है की एक व्यक्ति ने घर के अंदर एक महिला को कथित तौर पर गाली दी थी। न्यायालय ने कहा कि किसी व्यक्ति का अपमान या धमकी अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति कानून के तहत अपराध नहीं होगा। जब तक कि इस तरह का अपमान या धमकी पीड़ित के अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति से संबंधित होने के कारण नहीं है। न्यायालय ने कहा कि एससी व एसटी कानून के तहत अपराध तब माना जाएगा जब किसी को लोगों के सामने अभद्रता, अपमान और उत्पीड़न का सामना करना पड़े।
3 – सबसे मजबूत टीम उतारने की तैयारी में भाजपा, जानें क्या है मिशन बंगाल रणनीति
बीजेपी मिशन पश्चिम बंगाल के लिए अपनी सबसे मजबूत टीम उतारने की तैयारी में है। बता दें कि बंगाल की चुनावी सियासत बाकी राज्यों से काफी अलग है। राज्य में काम कर रही मौजूदा टीम के साथ देशभर के चुनावी दांव-पेच व रणनीति में माहिर बारह नेताओं को भी चुनाव तक बंगाल की विशेष जिम्मेदारी दी जा सकती है। ये नेता बंगाल के विभिन्न हिस्सों में काम करेंगे। इसके अलावा बिहार, झारखंड, असम व त्रिपुरा के नेताओं को भी यहां की रणनीति से जोड़ा जाएगा। बिहार चुनाव के बाद भाजपा के लिए सबसे अहम मिशन पश्चिम बंगाल का है। गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी अध्यक्ष रहते हुए इसकी शुरुआत की थी और अब फिर से उन्होंने इसकी कमान संभाल ली है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह शाह ने खुद बंगाल का दौरा कर वहां की टीम से चर्चा की है। सूत्रों के अनुसार इस टीम में बिहार, झारखंड, असम, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र के नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी जाएगी।
4 – कोरोना वायरस : कोरोना नेगेटिव होने पर विदेश से आने वाले यात्रियों को 7 दिन क्वारंटाइन से छूट
विदेश से आने वाले यात्रियों को सात दिन की अनिवार्य क्वारंटाइन में रखने से छूट प्रदान की है। इसके लिए यात्रियों को तीन विकल्प उपलब्ध होंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति परिवार में मृत्यु या बीमारी के कारण भारत लौट रहा हो तो उसे एयरपोर्ट पर सात दिन के क्वारंटाइन से छूट रहेगी। निर्देशों के अनुसार, तीनों श्रेणियों में छूट पाने के बाद लोगों को 14 दिन खुद को घर पर क्वारंटाइन में रहना होगा। मंत्रालय के अनुसार, यात्रा से 72 घंटे पहले जिन लोगों ने कोरोना टेस्ट कराया हो और नेगेटिव रिपोर्ट हो, उन्हें भी सात दिन की क्वारंटाइन से छूट होगी। तीसरे, लोगों को एयरपोर्ट भर भी कोरोना टेस्ट कराने का विकल्प होगा। यदि एयरपोर्ट पर यह सुविधा है तो लोग अपना टेस्ट करा सकेंगे और नेगेटिव रिपोर्ट आने पर उन्हें क्वारंटाइन नहीं किया जाएगा। बता दें कि क्वारंटाइन से छूट पाने के लिए यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट की वेबसाइट पर खुद को पंजीकृत कराना होगा।
5 – AIR POLLUTION : इस सीजन में पहली बार दम घोंटू रही दिल्ली-एनसीआर की हवा
पहली बार बृहस्पतिवार को दिल्ली की हवा गंभीर स्तर तक प्रदूषित हुई है। एनसीआर के शहरों की हालत भी खराब रही। दिल्ली समेत गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) एक साथ 400 से ऊपर रहा। 464 एक्यूआई के साथ दिल्ली-एनसीआर में सबसे प्रदूषित शहर गाजियाबाद रहा, जबकि फरीदाबाद की हवा तुलनात्मक रूप से एनसीआर में सबसे कम प्रदूषित रही। दिल्ली व नोएडा का एक्यूआई 450 रहा, जो गंभीर की श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, राजधानी में अमूमन सभी हॉटस्पॉट प्रदूषण को लेकर गंभीर स्थिति में पहुंच गए। यही वजह रही कि अधिकतर हॉटस्पॉट में 450 से अधिक एक्यूआई दर्ज किया गया। सफर के अनुसार, दिल्ली के पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार को इस सीजन सबसे अधिक 4,135 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गईं। इसी वजह से प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी 42 फीसदी दर्ज हुई।


Download Android App
Download iOS App



