1 – राम मंदिर : अगले 48 घंटे भारी, बाबरी विध्वंस केस पर फैसला कल
रामजन्मभूमि परिसर स्थित विवादित ढांचे के विध्वंस प्रकरण का फैसला कल 30 सितंबर को आएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार सीबीआई कोर्ट ने सुनवाई पूरी कर 2 सितंबर से अपना निर्णय लिखवाना शुरू कर दिया। सभी की नजरें सीबीआई कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं। इस मामले में भाजपा, शिवसेना व विहिप के वरिष्ठ नेताओं के साथ साधु-संत भी आरोपित हैं। 28 साल बाद आने जा रहे फैसले से पहले ही 18 आरोपियों की मौत हो चुकी है। इसी बीच मस्जिद विध्वंस मामले में अभियुक्त कुछ वरिष्ठ राजनीतिक नेता कोर्ट में पेशी से छूट की मांग कर सकते हैं। कानून कहता है कि फैसले के दिन सभी आरोपियों को अदालत में शारीरिक रूप से उपस्थित होना चाहिए। लेकिन 32 में से कुछ आरोपी जैसे जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे आदि लोग कोरोना महामारी और उम्र का हवाला देते हुए अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़ने की मांग कर सकते हैं।
2 – BIHAR ELECTION 2020 : जेपी नड्डा की टीम में अभी भी खाली हैं चार पद
आठ महीने की मशक्कत के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा तो कर दी है, लेकिन अभी भी चार पद खाली हैं। इनमें एक महासचिव का पद शामिल है। इसके साथ ही पार्टी संविधान के अनुसार एक तिहाई महिला पदाधिकारी भी नहीं बनाए जा सके हैं। माना जा रहा है कि यह रिक्तियां केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को देखते हुए रखी गई है, ताकि उस समय कुछ नेताओं को समंजित किया जा सके। भाजपा अध्यक्ष ने जो पद रिक्त रखे है वह निकट भविष्य में भरे जाएंगे। नड्डा ने इस साल जनवरी में विधिवत रूप से पार्टी की कमान संभाली थी। नड्डा की टीम में अभी 12 उपाध्यक्ष, नौ महासचिव और 13 सचिव बनाए गए हैं।
3 – बेटी इल्तिजा ने लगाई गुहार, महबूबा मुफ्ती की रिहाई की मांग पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की रिहाई की मांग वाली याचिका पर आज यानी मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। उन्हें फरवरी में इस कानून के तहत हिरासत में लिया गया था और वह अभी तक हिरासत में ही हैं। महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी मां की लोक सुरक्षा कानून के तहत नजरबंदी (हिरासत) को चुनौती देने वाली याचिका दायर की है। महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने कहा है कि उनकी मां महबूबा मुफ़्ती को जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत अवैध रूप से हिरासत में लिया गया है। इल्तिजा ने याचिका में कहा है कि उनकी मां को हिरासत में रखना गैरकानूनी है क्योंकि उन पर कोई मुकदमा नही हैं और उनको एक साल से अधिक समय से हिरासत में रखा गया है। बता दें कि महबूबा मुफ्ती को जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने संबंधी संविधान के अनुच्छेद 370 के अनेक प्रावधान समाप्त करने के सरकार के फैसले से पहले गिरफ्तार कर लिया गया था।
4 – COVID 19 : दुनियाभर में मौतों का आंकड़ा 10 लाख पार, कोरोना का कोहराम !
कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को बदल कर रख दिया, लोगो के तौर- तरीकों को बदल दिया। कोरोना वायरस के कहर को 9 महीने बीत चुके हैं, मगर अब भी इसका कहर जारी है। हर दिन लाखों लोग इसकी चपेट में आ रहे है और हजारों की तादाद में मौतें हो रही हैं। कोरोना वायरस से दुनियाभर में मौत का आंकड़ा 10 लाख पहुंच गया है। अमेरिका के जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, कोरोना से दुनियाभर में 10 लाख (1 मिलियन) से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हर दिन इस खतरनाक महामारी से औसतन 5 हजार लोगों की मौतें हो रही हैं। मौत का बढ़ता यह आंकड़ा और भी भयावह इसलिए भी हो जाता है, क्योंकि अब तक कोई भी वैक्सीन सफल नहीं हो पाई है।
5 – अजरबैजान और आर्मीनिया के बीच युद्ध जारी, शहर पर शुरू कर दी गोलाबारी
विवादित क्षेत्र नागोरनो-काराबाख को लेकर एक दिन पहले शुरू हुई लड़ाई सोमवार को भी जारी रही। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घातक हमले करने का आरोप लगाया है। अजरबैजान ने इस जंग में आर्मीनिया के 550 सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। अजरबैजान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि आर्मीनियाई बलों ने सोमवार सुबह टारटार शहर पर गोलाबारी शुरू कर दी। वहीं, आर्मीनिया के अधिकारियों ने कहा कि लड़ाई रातभर जारी रही और अजरबैजान ने सुबह के समय घातक हमले शुरू कर दिए। अजरबैजान के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि लड़ाई में आर्मेनिया के 550 से अधिक सैनिक मारे गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



