टीवीके ने पहला कदम ही गलत उठाया, भ्रष्ट पार्टी से किया समझौता: प्रतुल शाहदेव

Summary :

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच झारखंड भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि टीवीके से लोगों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्होंने अपना पहला कदम ही गलत उठा लिया और देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी से समझौता कर लिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि रंग बदलने में कांग्रेस माहिर है और उसकी यह कला देखकर गिरगिट भी शरमा जाए। एक दिन पहले तक कांग्रेस नेता डीएमके के साथ खड़े होकर तस्वीरें खिंचवा रहे थे और एकता दिखाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सत्ता की…

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच झारखंड भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि टीवीके से लोगों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्होंने अपना पहला कदम ही गलत उठा लिया और देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी से समझौता कर लिया।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि रंग बदलने में कांग्रेस माहिर है और उसकी यह कला देखकर गिरगिट भी शरमा जाए। एक दिन पहले तक कांग्रेस नेता डीएमके के साथ खड़े होकर तस्वीरें खिंचवा रहे थे और एकता दिखाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सत्ता की आहट मिलते ही डीएमके को छोड़कर टीवीके के साथ जा बैठे।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है, लेकिन शायद वह जरूरी विधायकों का समर्थन नहीं जुटा पाए हैं। संभवतः यही कारण है कि राज्यपाल अभी तक संतुष्ट नहीं हुए हैं और उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है।

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उन्होंने कहा कि सीमा पार से आए आतंकियों ने धर्म पूछकर महिलाओं का सिंदूर उजाड़ दिया था। पूरे देश में इसे लेकर आक्रोश था। इसके जवाब में ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया। आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों और उनके प्रशिक्षण केंद्रों पर हमला किया गया। पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए थे, जिसके बाद भारत ने अपनी शर्तों पर युद्ध विराम किया।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। अगर पाकिस्तान ने फिर कोई गलती की, तो भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि हमला होने पर जवाब जरूर दिया जाएगा।

पश्चिम बंगाल की हिंसा पर उन्होंने कहा कि टीएमसी गुंडों की पार्टी है और वह हमेशा गुंडागर्दी करती रहती है। अब हालात हद से आगे बढ़ चुके हैं। हम शांति पसंद लोग हैं, लेकिन सरकार बनने के बाद ऐसी चीजें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

भाजपा पार्षद नवनाथ बान ने ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ करते हुए संजय राउत पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संजय राउत गांधी परिवार की ‘हां में हां’ मिलाकर चल रहे हैं और जानबूझकर देश की छवि खराब कर रहे हैं।

महाराष्ट्र में वंदे मातरम् को लेकर चल रही बहस पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, एआईएमआईएम, वारिस पठान और अबू आजमी जैसे नेताओं को ध्यान से सुन लेना चाहिए कि महाराष्ट्र में रहना है तो वंदे मातरम् कहना होगा। यह किसी की पूजा नहीं, बल्कि देश का सम्मान है। जिस थाली में खाते हैं, उसमें छेद नहीं करना चाहिए। अगर वे वंदे मातरम् नहीं कह सकते, तो पाकिस्तान और बांग्लादेश चले जाएं।

–आईएएनएस

एएमटी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.