PM Modi के मार्गदर्शन में CISF ने सुरक्षा और तकनीकी क्षेत्र में किया सुधार: पूर्व DG शील वर्धन

Summary :

PM Modi के सुझावों से CISF बना 21वीं सदी का सक्षम बल

मोदी स्टोरी” नामक एक्स हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के पूर्व डीजी शील वर्धन सिंह पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सीआईएसएफ की प्रगति पर प्रकाश डालते हैं। वीडियो में बताया गया कि कैसे प्रधानमंत्री मोदी के विचारों और सुझावों के कारण सीआईएसएफ को 21वीं सदी के लिए एक मजबूत और सक्षम बल में बदल दिया गया है।

CISF ने देश के विकास में निभाई अहम भूमिका: गृह मंत्री अमित शाह

शील वर्धन सिंह ने कहा कि सीआईएसएफ एक मल्टी-डायमेंशनल बल है, जिसमें एविएशन सिक्योरिटी, मेट्रो सिक्योरिटी, वीआईपी सिक्योरिटी और फायर सिक्योरिटी जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। उन्होंने विशेष रूप से फायर विंग का उल्लेख किया, जो औद्योगिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी के लिए काम करता है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में, सीआईएसएफ ने “डिस्ट्रिक्ट फायर प्रिवेंशन स्कीम” शुरू की, जिसके तहत 100 जिलों में फायर घटनाओं का आकलन किया गया और वहां के कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।

इसके अलावा, पीएम मोदी की शक्ति योजना के तहत मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी में सिक्योरिटी की परतें जोड़ने के लिए मार्गदर्शन दिया गया, जिससे सीआईएसएफ की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। उन्होंने कहा कि अब जीआईएस सिस्टम का उपयोग कर सीआईएसएफ ऑनलाइन प्रोजेक्ट की स्थिति और सुरक्षा विवरण पर नज़र रख सकता है।

शील वर्धन सिंह ने बताया कि सीआईएसएफ में ड्रोन ट्रेनिंग भी शुरू की गई है, और अब तक 21 बैचों को ड्रोन ऑपरेटर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा, पीएम मोदी के नेतृत्व में सीआईएसएफ में मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को भी शामिल किया गया है, जिससे कर्मचारियों के आत्महत्या दर में 40 प्रत‍िशत की कमी आई है।

कुल मिलाकर, पीएम मोदी के मार्गदर्शन से सीआईएसएफ ने न केवल अपनी सुरक्षा प्रणाली को मजबूत किया है, बल्कि तकनीकी और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सुधार किए हैं, जो भारतीय सुरक्षा बलों के लिए एक मिसाल है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.