इंफाल : मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सोमवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम देते हुए 4 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों में एक 60 वर्षीय महिला भी शामिल है। यह वारदात चुराचांदपुर के मोंगजांग गांव के पास उस समय हुई जब सभी पीड़ित एक कार में यात्रा कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पहले से घात लगाकर हमला किया और कार पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। सभी चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हमला चुराचांदपुर शहर से करीब 7 किलोमीटर दूर मोंगजांग गांव के समीप दोपहर करीब 2 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ितों को नजदीक से गोली मारी गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हमलावर उन्हें जानबूझकर निशाना बना रहे थे। फिलहाल, मारे गए लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये लोग कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे।
जिम्मेदारी से सभी संगठन पीछे
अब तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है और क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस को घटनास्थल से 12 से अधिक खाली कारतूस मिले हैं, जिससे हमले की गंभीरता और तैयारी का अनुमान लगाया जा सकता है।
जांच जारी, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
मणिपुर पहले से ही जातीय और सांप्रदायिक तनाव से जूझ रहा है, ऐसे में यह ताजा हमला हालात को और अधिक गंभीर बना सकता है। प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने और चश्मदीदों के बयान दर्ज करने में लगी हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके


Download Android App
Download iOS App



