Unnao Accident: उन्नाव में बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार के चलते भीषण हादसा हो गया। करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही स्कॉर्पियो ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे 5 लोगों की मौत और दो लोग घायल हो गये। हादसे के वक्त चालक पीछे की सीट पर बैठा था जो गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है।
बांगरमऊ कोतवाली के फतेहपुर खालसा गांव के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। जिस समय हादसा हुआ बारिश भी हो रही थी। रफ्तार तेज होने से ब्रेक लगाने पर गाड़ी करीब पांच मीटर तक घिसटने के बाद ट्रक से भिड़ी। हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने सभी को एंबुलेंस से बांगरमऊ सीएचसी भेजा जहां, डॉक्टर ने वैभव, मनोज और अरविंद को मृत घोषित कर दिया।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे हुए हादसे में मारे गए और घायल सभी लोग अयोध्या जनपद के निवासी हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को रेस्क्यू कर बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. साथ ही घायलों और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
अयोध्या जिले के थाना मयाबाजार के विलासपुर निवासी अरविंद सिंह (40) पुत्र भगवान सिंह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनका एक मकान दिल्ली में भी है। वहां परिवार के ही कुछ लोग रहते हैं। मंगलवार को वह पड़ोसी वैभव पांडेय (35), अनुज पांडेय (40), मनोज सिंह (45) पुत्र समरबहादुर, चालक आशीष कुमार (45) पुत्र मिठाईलाल और बस्ती जिले के थाना परशुरामपुर के गांव रजवापुर निवासी दोस्त महेंद्र (38) पुत्र राजकुमार सिंह के साथ स्कॉर्पियो से दिल्ली गए थे। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे एक्सप्रेसवे के रास्ते अयोध्या लौट रहे थे। हादसे के वक्त गाड़ी वैभव चला रहा था।


Download Android App
Download iOS App



