UPSC CSE 2025 Result: अनुज अग्निहोत्री ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक 1, भारत के इस शहर से जुड़ा है नाता

Summary :

UPSC CSE 2025 Result: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल अनुज अग्निहोत्री ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त की है। उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। सिविल सेवा परीक्षा को भारत की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है। हर साल लाखों उम्मीदवार इसमें हिस्सा लेते हैं, लेकिन अंतिम चयन कुछ ही अभ्यर्थियों का हो पाता है। UPSC CSE 2025 Result: लंबी और कठिन होती है चयन प्रक्रिया UPSC…

UPSC CSE 2025 Result: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल अनुज अग्निहोत्री ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त की है। उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। सिविल सेवा परीक्षा को भारत की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है। हर साल लाखों उम्मीदवार इसमें हिस्सा लेते हैं, लेकिन अंतिम चयन कुछ ही अभ्यर्थियों का हो पाता है।

UPSC CSE 2025 Result: लंबी और कठिन होती है चयन प्रक्रिया

UPSC परीक्षा कई चरणों में आयोजित की जाती है। सबसे पहले अगस्त 2025 में लिखित परीक्षा आयोजित हुई थी। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया, जो फरवरी 2026 में आयोजित किए गए। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू दोनों चरणों के प्रदर्शन के आधार पर आयोग ने अंतिम मेरिट लिस्ट जारी की है। इस सूची में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है, जिससे उनका नाम देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।

कौन हैं UPSC टॉपर अनुज अग्निहोत्री?

अनुज अग्निहोत्री राजस्थान के रावतभाटा के रहने वाले हैं। उनकी सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया कि सही लक्ष्य और निरंतर प्रयास से किसी भी बड़ी परीक्षा को पास किया जा सकता है। अनुज अग्निहोत्री ने अपनी शुरुआती पढ़ाई राजस्थान में ही पूरी की। इसके बाद वे उच्च शिक्षा के लिए जोधपुर चले गए। यहां उन्होंने एम्स (AIIMS) से एमबीबीएस की पढ़ाई की। उन्होंने साल 2023 में मेडिकल की डिग्री पूरी की थी।

मेडिकल की पढ़ाई के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। तैयारी के दौरान उन्होंने कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई की। UPSC में टॉप करने से पहले उन्होंने DANICS (Delhi, Andaman and Nicobar Islands Civil Services) भी जॉइन किया था, जो कि केंद्र सरकार की ग्रुप-B प्रशासनिक सेवा है।

IAS और IFS में कितनी सीटें

सिविल सेवा परीक्षा के जरिए अलग-अलग सेवाओं में अधिकारियों की भर्ती की जाती है। इस साल भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए कुल 180 पद खाली हैं। इनमें अलग-अलग वर्गों के लिए आरक्षण भी निर्धारित किया गया है।

  • सामान्य वर्ग – 74 पद
  • ओबीसी – 47 पद
  • अनुसूचित जाति (SC) – 28 पद
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) – 18 पद
  • अनुसूचित जनजाति (ST) – 13 पद

वहीं भारतीय विदेश सेवा (IFS) में इस साल कुल 55 पद उपलब्ध हैं। इन पदों के लिए भी आरक्षण के आधार पर सीटें तय की गई हैं।

  • सामान्य वर्ग – 22 पद
  • ओबीसी – 15 पद
  • अनुसूचित जाति – 8 पद
  • ईडब्ल्यूएस – 6 पद
  • अनुसूचित जनजाति – 4 पद

UPSC ने स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवारों की नियुक्ति सिविल सेवा परीक्षा नियम 2025 और उपलब्ध पदों के आधार पर तय की जाएगी। इस साल कुल 958 उम्मीदवार सिविल सेवा परीक्षा में सफल हुए हैं, जो अब देश की अलग-अलग प्रशासनिक सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाएंगे।

UPSC परीक्षा के तीन चरण

UPSC सिविल सेवा परीक्षा तीन मुख्य चरणों में आयोजित की जाती है।

1. प्रारंभिक परीक्षा (Prelims)

यह परीक्षा का पहला चरण होता है। इसमें दो पेपर होते हैं –

  • सामान्य अध्ययन (General Studies)
  • CSAT

इस चरण में सफल होने वाले उम्मीदवार ही मुख्य परीक्षा में बैठने के लिए पात्र होते हैं।

2. मुख्य परीक्षा (Mains)

यह परीक्षा का दूसरा और सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है। इसमें कई लिखित पेपर होते हैं, जिनमें शामिल हैं –

  • निबंध (Essay)
  • सामान्य अध्ययन के चार पेपर
  • एक वैकल्पिक विषय (Optional Subject)

इस चरण में उम्मीदवारों की गहराई से समझ और विश्लेषण क्षमता का मूल्यांकन किया जाता है।

3. इंटरव्यू (Personality Test)

मुख्य परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। इस चरण में उम्मीदवार के व्यक्तित्व, सोचने की क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक समझ को परखा जाता है।

UPSC 2025 परीक्षा का कार्यक्रम

सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अलग-अलग चरण इस प्रकार आयोजित किए गए थे।

मुख्य लिखित परीक्षा – अगस्त 2025

इंटरव्यू – फरवरी 2026

अंतिम परिणाम – 6 मार्च 2026

इन सभी चरणों के बाद अंतिम मेरिट लिस्ट जारी की जाती है।

UPSC पास करने के बाद क्या बनते हैं अधिकारी

UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को देश की प्रतिष्ठित सेवाओं में काम करने का अवसर मिलता है। इनमें प्रमुख सेवाएं हैं:

  • भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS)
  • भारतीय पुलिस सेवा (IPS)
  • भारतीय विदेश सेवा (IFS)

इसके अलावा कई अन्य ग्रुप-A और ग्रुप-B केंद्रीय सेवाओं में भी नियुक्ति मिलती है। इन सेवाओं के अधिकारी देश के प्रशासन, कानून व्यवस्था और नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह भी पढ़ें: नीतीश वाले बवाल में जानें कैसे चुने जाते हैं राज्यसभा सांसद, सिर्फ बिहार ही नहीं, इन 9 राज्यों से भी चुने जाएंगे सदस्य

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।