US Attack on Oman Coast : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से एक बेहद परेशान करने वाली खबर आ रही है। ओमान तट के पास एक व्यापारिक जहाज पर हुए अमेरिकी हमले में दो भारतीय नाविकों की मौत हो गई है, जबकि जहाज के चीफ इंजीनियर का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
समुद्री कंपनियों के हवाले से ‘फॉरवर्ड सीमेंस यूनियन ऑफ इंडिया’ (FSUI) ने इस दुखद हादसे और उसमें हुए नुकसान की पुष्टि की है। हमले का शिकार हुए व्यापारिक जहाज ‘एमटी सेटेबेलो’ पर कुल 24 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे। गल्फ क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बीच इस घटना ने वहां समुद्री मार्गों पर काम कर रहे हजारों भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारत सरकार ने इस घटना पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए नई दिल्ली में अमेरिकी राजनयिक को तलब कर अपना सख्त विरोध दर्ज कराया है।
Indian Sailors Dead Oman Coast : 2 भारतीयों की मौत, 1 लापता

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले एक नाविक की पहचान हिमाचल प्रदेश के रहने वाले 23 वर्षीय आदित्य शर्मा (Aditya Sharma) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे का शिकार हुए दूसरे भारतीय नाविक उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले शिवानंद चौरसिया ( Shivanand Chaurasiya) हैं।
इसके अलावा, जहाज के चीफ इंजीनियर पटनाला सुरेश, जो आंध्र प्रदेश के निवासी हैं, जो हमले के बाद से ही लापता हैं। ओमान के स्थानीय अधिकारियों और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उनकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
US Strike Ship Settebello : सवार थे 24 भारतीय

बता दें, विदेश मंत्रालय (MEA) और नाविकों के संगठन FSUI के अनुसार, जिस मर्चेंट नेवी जहाज को निशाना बनाया गया, उसका नाम ‘एमटी सेटेबेलो’ है और वह पलाऊ के झंडे के साथ अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में आगे बढ़ रहा था। हमले के वक्त इस जहाज पर चालक दल के रूप में 24 भारतीय नागरिक मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद ओमान के तटरक्षक बलों और अधिकारियों के सहयोग से एक आपातकालीन बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसके तहत 21 भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि हाल ही में निशाना बनाए गए कुछ अन्य जहाजों के विपरीत, ‘एमटी सेटेबेलो’ अमेरिकी प्रतिबंधों की किसी भी ब्लैकलिस्ट में शामिल नहीं था। यह हमला ठीक उस घटना के दो दिन बाद हुआ है, जब पलाऊ के ही झंडे वाले एक अन्य जहाज पर अमेरिकी नौसेना ने यह आरोप लगाते हुए कार्रवाई की थी कि वह ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था।
FSUI के महासचिव मनोज यादव ने बताया कि हमले के बाद से प्रभावित जहाज के साथ संपर्क पूरी तरह टूट चुका है, जिसके कारण जमीनी स्तर पर स्वतंत्र रूप से अधिक जानकारी जुटाने में मुश्किलें आ रही हैं। प्रभावित हुए तीनों नाविक भारत के अलग-अलग राज्यों— हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं।
Oman coast US Navy Attack : भारत ने अमेरिकी राजनयिक को तलब कर जताया कड़ा विरोध
इस घटना के बाद से त्वरित कार्रवाई करते हुए भारत ने कल बुधवार को नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी (चार्ज डी’अफेयर्स) जेसन मीक्स को विदेश मंत्रालय तलब किया। भारत ने ओमान तट के पास भारतीय क्रू मेंबर वाले एक कमर्शियल जहाज पर अमेरिकी सेना द्वारा किए गए इस हमले को लेकर बेहद कड़ा ऐतराज जताया है।
राजनयिक से बातचीत के दौरान नई दिल्ली ने अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक नौवहन (कमर्शियल शिपिंग) और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का सिलसिला तुरंत बंद होना चाहिए। भारत ने दोटूक शब्दों में मांग की है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर जहाजों की सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के आवाजाही को जल्द से जल्द बहाल किया जाए ताकि निर्दोष नागरिकों की जान को खतरे में न डाला जाए।


Download Android App
Download iOS App




