अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने कहा है कि भारत-अमेरिका के बीच जारी व्यापार वार्ता के नतीजे से दोनों देशों के बीच एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण तय होगा। उन्होंने उद्योग संगठन फिक्की की एक वेबवार्ता में गुरुवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार पिछले साल 150 अरब अमरीकी डॉलर के आंकड़े को छू गया था, हालांकि इस साल की पहली छमाही में यह 25 प्रतिशत घटा है।
संधू ने कहा कि अमेरिका के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार वार्षिक आधार पर 10 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण द्विपक्षीय व्यापार प्रभावित हुआ है और 2020 की पहली छमाही में कुल व्यापार लगभग 25 प्रतिशत घटा। उन्होंने कहा कि अमेरिका आज भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, लेकिन व्यापार संबंधों को वास्तविक क्षमता तक पहुंचना अभी बाकी है।
अमेरिका में भारतीय राजदूत ने कहा, ‘‘इस क्षमता को साकार करने का पहला कदम इस समय जारी व्यापार वार्ता को पूरा करना है, जो एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण बन जाएगा।’’ भारत और अमेरिका आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने तथा व्यापार के मुद्दों पर मतभेदों को दूर करने के लिए एक सीमित व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



