वाराणसी, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर फायरिंग कर कांस्टेबल अमित शुक्ला को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो और बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अंजनी झा और राजू तिवारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले बदमाशों ने असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध असलहे भी बरामद किए गए हैं।
इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार रात लोटूबीर के पास हुई मुठभेड़ में एक अन्य आरोपी राज विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था। उसके पैर में गोली लगी थी। पुलिस अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम लंका थाने की क्राइम टीम के चार पुलिसकर्मी असलहा तस्करी से जुड़े संदिग्धों की तलाश में सुंदरपुर स्थित आशुतोष नगर कॉलोनी पहुंचे थे। पुलिस टीम ने मौके से दो युवकों को पकड़कर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान एक युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। इस हमले में कांस्टेबल अमित शुक्ला को पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल सिपाही को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कीं। पीछा करने के दौरान लोटूबीर के पास पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इसमें राज विश्वकर्मा को गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसके दो साथी फरार हो गए थे।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध असलहे उन्होंने सामने घाट इलाके में एक सुनसान स्थान पर छिपाए हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस की विशेष टीम अंजनी झा और राजू तिवारी को लेकर हथियारों की बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के दौरान दोनों आरोपियों ने पहले से छिपाए गए असलहे निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



