विपक्ष की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है, 2027 में यूपी से होगा सफाया: अवधेश प्रसाद

Summary :

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष पूरी तरह एकजुट है और उसकी एकता से केंद्र और राज्य की सत्ता में बैठी भाजपा परेशान है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार के कुशासन और जनविरोधी कार्यों से नाराज है और अब बदलाव चाहती है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीदों को दिवास्वप्न बताया। वहीं, महिलाओं को अधिक टिकट देने के अखिलेश यादव के वादे, स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ गठबंधन नहीं करने के फैसले…

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष पूरी तरह एकजुट है और उसकी एकता से केंद्र और राज्य की सत्ता में बैठी भाजपा परेशान है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार के कुशासन और जनविरोधी कार्यों से नाराज है और अब बदलाव चाहती है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीदों को दिवास्वप्न बताया। वहीं, महिलाओं को अधिक टिकट देने के अखिलेश यादव के वादे, स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ गठबंधन नहीं करने के फैसले और दिल्ली में एक नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली पर भी अपनी बात रखी।

भाजपा की ओर से विपक्ष पर लगाए जा रहे आरोपों के जवाब में अवधेश प्रसाद ने कहा कि विपक्ष सदन के भीतर और बाहर एकजुट है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की एकता से भाजपा सरकार भयभीत है और उसे समझ नहीं आ रहा कि इस स्थिति का सामना कैसे करे। एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में भी विपक्षी एकजुटता दिखाई देगी। केवल विपक्ष ही नहीं, बल्कि पूरा देश भाजपा सरकार को हटाने का मन बना चुका है।

अवधेश प्रसाद ने हाल के एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा पर चुनाव में बेईमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के जरिए स्कूलों पर दबाव बनाया गया और मान्यता खत्म करने की धमकी दी गई। इसके बावजूद बनारस, लखनऊ, आगरा और इलाहाबाद की सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। गोरखपुर सीट का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां अधिकारियों को बुलाकर हेराफेरी के जरिए भाजपा को जिताया गया। इन नतीजों से साफ है कि जनता भाजपा के कुशासन और जनविरोधी नीतियों से परेशान है। लोगों का भरोसा भाजपा से उठ रहा है और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भरोसा बढ़ रहा है। यही वजह है कि भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चिंतित हैं।

दिल्ली में एक नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की टिप्पणी पर भी अवधेश प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी। त्रिवेदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए उसे दिमागी नक्सली और कांग्रेस पर अराजकता की राजनीति करने का आरोप लगाया था। इस पर सपा सांसद ने कहा कि विपक्ष की एकजुटता और प्रस्तावित रैली को लेकर भाजपा में घबराहट है। यही वजह है कि भाजपा नेता इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी और विपक्षी दलों की एकता का संदेश देगी। उन्होंने भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद और वास्तविकता से दूर बताया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की घोषणा पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह केवल कल्पना और दिवास्वप्न है। 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। अगर भाजपा को 50 सीटें भी मिल गईं तो इसे दुनिया की सबसे बड़ी घटना समझा जाना चाहिए।

आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और भाजपा से अधिक महिलाओं को टिकट देने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं को विशेष अवसर देगी। पार्टी की ओर से महिलाओं को पहले की तुलना में अधिक सीटें दी जाएंगी और उनकी भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

एमएलसी चुनाव को लेकर कपिल सिब्बल के हालिया बयान पर उन्होंने कहा कि उनकी बात सही है। प्रधानमंत्री मोदी के क्षेत्र वाराणसी में दोनों सीटों पर भाजपा का हारना सामान्य बात नहीं है। यह पूरे देश में बदलाव का संदेश है और परिवर्तन की शुरुआत का संकेत है।

स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी के साथ 2027 के चुनाव में गठबंधन नहीं करने के अखिलेश यादव के फैसले पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वामी प्रसाद मौर्य को समाजवादी पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा और न ही किसी तरह का समझौता होगा। पहले के अनुभवों के नतीजे अच्छे नहीं रहे थे। पार्टी अध्यक्ष ने जो फैसला लिया है, वह पार्टी के हित में है और इस पर अब अधिक कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है।

–आईएएनएस

पीएसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.