‘बिरयानी के ₹370’ वाले लड़के की छीछालेदर, गई नौकरी, हो गया सोशल मीडिया अकाउंट डीएक्टिवेट

Summary :

Viral 370 Biryani Controversy : स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो से शुरू हुआ ‘₹370 वसूल करूंगा’ का विवाद अब एक बड़े सोशल इशू में बदल चुका है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुए इस हंगामे की गाज अब शो में हिस्सा लेने वाले युवक पर गिरी है और उसे अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। एक सामान्य क्राउडवर्क के रूप में शुरू हुआ यह मामला अब इंटरनेट पर डेटिंग कल्चर, सहमति (कंसेंट) और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर बहस का रूप ले चुका है। आखिर क्या था पूरा विवाद? इस पूरे घटनाक्रम…

Viral 370 Biryani Controversy : स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो से शुरू हुआ ‘₹370 वसूल करूंगा’ का विवाद अब एक बड़े सोशल इशू में बदल चुका है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुए इस हंगामे की गाज अब शो में हिस्सा लेने वाले युवक पर गिरी है और उसे अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है।

एक सामान्य क्राउडवर्क के रूप में शुरू हुआ यह मामला अब इंटरनेट पर डेटिंग कल्चर, सहमति (कंसेंट) और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर बहस का रूप ले चुका है।

आखिर क्या था पूरा विवाद?

Viral 370 Biryani Controversy
source : social media

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत कॉमेडियन प्रणीत मोरे के एक लाइव शो के दौरान हुई। मंच से दर्शकों के साथ बातचीत करते हुए गुरुग्राम के रहने वाले 23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक पुरानी डेट का अनुभव साझा किया। हिमांशु ने बताया कि उसने एक डेट के दौरान चिकन बिरयानी पर ₹370 खर्च किए थे, जिसकी वह ‘वसूली’ करना चाहता था।

शुरुआत में यह बात सिर्फ एक मजाक जैसी लगी, लेकिन जब यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तो लोग भड़क गए। नेटिजन्स ने इस टिप्पणी को महिलाओं के प्रति बेहद संकीर्ण मानसिकता और आपसी रिश्तों को विशुद्ध व्यापार या लेन-देन की तरह देखने वाला नजरिया करार दिया।

अंधेरे पार्क वाली टिप्पणी से बढ़ा गुस्सा

यह विवाद तब और ज्यादा गंभीर हो गया, जब वीडियो के अगले हिस्से में युवक ने बताया कि लड़की की साफ हिचकिचाहट और नापसंदगी के बावजूद वह उसे एक अंधेरे पार्क में ले जाने के लिए मनाने की जिद कर रहा था।

सोशल मीडिया यूजर्स ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई। लोगों का कहना था कि यह कोई सामान्य मजाक नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर महिलाओं की सुरक्षा और सहमति के बुनियादी सिद्धांतों का उल्लंघन करने वाली सोच को दर्शाता है।

कॉमेडियन प्रणीत मोरे भी आए निशाने पर

वीडियो में युवक की इन बातों पर शो के होस्ट और कॉमेडियन प्रणीत मोरे हंसते हुए और इसे ‘पीक गुरुग्राम कंटेंट’ बताते हुए नजर आए थे। इसके बाद लोगों ने प्रणीत मोरे को भी आड़े हाथों लिया। सोशल मीडिया पर आलोचकों का कहना था कि एक जिम्मेदार कलाकार होने के नाते उन्हें मंच से ऐसी संवेदनहीन टिप्पणियों को बढ़ावा देने के बजाय उनका विरोध करना चाहिए था।

कंपनी ने नौकरी से निकाला

विवाद के तूल पकड़ते ही इंटरनेट यूजर्स ने हिमांशु जांगड़ा के पुराने सोशल मीडिया अकाउंट्स खंगालने शुरू कर दिए, जहाँ कथित तौर पर महिलाओं के खिलाफ कुछ अन्य आपत्तिजनक मीम्स मिले। गुस्सा बढ़ने पर हिमांशु ने माफी मांगने की कोशिश की और बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को डिलीट या प्राइवेट कर लिया।

इसी बीच, हिमांशु की कंपनी ‘स्टारविक डिजाइन’ के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक बयान जारी कर उसे नौकरी से निकालने की घोषणा की। विवेक विश्वकर्मा ने कहा कि उन्हें इस वीडियो के संबंध में सैकड़ों शिकायतें और ईमेल मिले थे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई गई मानसिकता कंपनी के नैतिक मूल्यों के बिल्कुल खिलाफ है, इसलिए ऐसी सोच रखने वाले व्यक्ति का समर्थन नहीं किया जा सकता। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि कंपनी की आंतरिक जांच में कार्यस्थल पर किसी भी महिला सहकर्मी ने हिमांशु के व्यवहार को लेकर पहले कभी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।