आडवाणी ने जो कहा, वह बीजेपी की स्पष्ट नीति है : अरूण जेटली

Summary :

भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एल के आडवाणी द्वारा उनके ब्लाग में कही गई बात भाजपा की हमेशा से स्पष्ट नीति रही

भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एल के आडवाणी द्वारा उनके ब्लाग में कही गई बात भाजपा की हमेशा से स्पष्ट नीति रही है । उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का 75 वर्ष से अधिक आयु के नेताओं को टिकट नहीं देने के विषय पर रूख भी ‘काफी स्पष्ट’ रहा है ।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ आडवाणीजी ने जो कहा, वह भाजपा की स्पष्ट नीति रही है । हम कभी भी अपने प्रतिद्वन्द्वियों को राष्ट्र विरोधी नहीं मानते । जब वेंकैया जी, राजनाथ जी, आडवाणी जी पार्टी अध्यक्ष थे, यह बयान समय समय पर दिया जाता रहा है । ’’

एनआरसी, नागरिकता विधेयक लोगों को मूर्ख बनाने के लिए लॉलीपॉप : ममता

जेटली का संदर्भ भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी द्वारा गुरूवार को दिये गए उस बयान के संदर्भ में था जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी ने राजनीतिक रूप से असहमत होने वाले को कभी ‘‘राष्ट्र विरोधी’’ नहीं माना है । सरकार का विरोध करने वाले राजनीतिक स्वरों को ‘राष्ट्र विरोधी’ करार देने के चलन को लेकर छिड़ी बहस के बीच भाजपा के इस वरिष्ठ नेता की यह टिप्पणी काफी महत्वपूर्ण मानी गयी है।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के चुनाव नहीं लड़ने के बारे में एक सवाल के जवाब में जेटली ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी का रूख काफी स्पष्ट है । यह उस रूख के समर्थन का संकेत है कि 75 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टिकट नहीं दिया जायेगा ।

Desk Team