पटना के एक रेस्त्रां में डिनर करने आए लोग शनिवार को उस समय हैरान हो गए जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी वहां खाना खाने पहुंचे। पटना में एक अदालत में पेश होने और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी द्वारा दायर मानहानि के मामले में जमानत मिलने के बाद राहुल गांधी वापसी की अपनी फ्लाइट पकड़ने के लिए हवाईअड्डे जा रहे थे।
बीच रास्ते में राहुल ने कहा कि उन्हें भूख लग रही है और वह एक प्लेट डोसा खाना चाहते हैं। उनके साथ कांग्रेस प्रवक्ता शक्तिसिंह गोहिल, प्रदेश पार्टी प्रमुख मदन मोहन झा और राज्यसभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता थे।

इसके बाद वे मौर्य लोक बाजार परिसर के नजदीक पहुंचे और नेता दक्षिण भारतीय व्यंजनों के लिए मशहूर एक रेस्त्रां में गए। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेता ने डोसा के साथ कॉफी ऑर्डर की और हवाईअड्डे के लिए रवाना होने से पहले इत्मिनान से खाने का लुत्फ उठाया। कई लोगों ने राहुल गांधी की खाना खाते हुए तस्वीरें ली।


Download Android App
Download iOS App



