महाराष्ट्र के मांडवी थाना पुलिस को तीन साल के बच्चे के अपहरण मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अपहरण के मामले में बिहार के नालंदा जिले से पुलिस द्वारा एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसके पास से बच्चे को बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मांडवी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय हजारे ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि उनके पास तीन साल के बच्चे के अपहरण की शिकायत आई थी। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता नबीउल्लाह हमीदुल्लाह चौधरी (38) ने बताया कि 18 फरवरी को 2025 को उसकी रिश्तेदार (साले की पत्नी) उसके बच्चे को बाहर खेलने के लिए ले गई थी। लेकिन, बच्चे के साथ वह नहीं लौटी।
महाराष्ट्र बजट पर कांग्रेस विधायक विश्वजीत कदम का हमला, कहा- सरकार ने जनता को फंसाया
पुलिस को मिली शिकायत पर मांडवी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एक टीम बनाकर महिला की तलाश की गई। सीसीटीवी फुटेज से भी पता चला कि बच्चे को महिला ले जा रही है। पुलिस की जांच में पता चला कि महिला बिहार के नालंदा जिले में छिपी हुई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, महिला शादीशुदा है और उसके पहले से तीन बच्चे हैं। लेकिन, नालंदा जिले के सरमेरा निवासी एक युवक के साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था। प्रेमी के साथ नई जीवन की शुरुआत करने के लिए वह अपने तीन बच्चों के बारे में नहीं बताना चाहती थी। चूंकि दोनों में उम्र का फासला काफी ज्यादा था। महिला 36 साल की थी और युवक 18 साल का था। प्रेमी के साथ हर हाल में रहने के लिए उसने बच्चे के अपहरण की साजिश रची। उसने प्रेमी को विश्वास दिला दिया है कि यह बच्चा उसी का है और उसके साथ उसके गांव में रहने लगी। जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो उसने यही जवाब दिया कि वह बच्चे की मां है। पुलिस ने बच्चे को उनके माता-पिता को सौंप दिया है।


Download Android App
Download iOS App



