भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर कर्नाटक में विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ का आरोप लगाते हुए मंगलवार को संसद के निकट नकली नोटों से भरा ब्रीफकेस लेकर विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के प्रवक्ता अमरीश रंजन पांडे ने बताया कि संगठन के उपाध्यक्ष श्रीनिवास बीवी की अगुवाई में संगठन के कार्यकर्ताओं ने संसद की तरफ बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने नकली नोटों से भरा ब्रीफकेस ले रखा था। इस मौके पर श्रीनिवास ने कहा, “कर्नाटक में भाजपा विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रही है। यह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक कृत्य है जिसके खिलाफ हम सड़क पर उतरे हैं।”

गौरतलब है कि कर्नाटक में जद(एस)-कांग्रेस सरकार गठबंधन के 13 विधायकों द्वारा राज्य विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय को इस्तीफा सौंपने के बाद प्रदेश सरकार संकट का सामना कर रही है। सत्ताधारी गठबंधन के पास 224 सदस्यीय विधानसभा में 118 विधायक हैं और अगर इनका इस्तीफा स्वीकार हो जाता है तब सरकार के गिरने की आशंका है।


Download Android App
Download iOS App



