जम्मू के कटरा में मौजूद पवित्र माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में मंगलवार को भयंकर आग लग गई। जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में स्थित कालिका भवन के पास काउंटर नंबर दो के नजदीक यह आग लगी है, फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। वहीं, अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
सूत्रों के मुताबिक जहां आग लगी है उस स्थान से प्राकृतिक गुफा की दूरी तकरीबन सौ मीटर है। आग की लपटें भैरो घाटी तक दिख रही हैं। कहा जा रहा है कि वीआईपी गेट के पास काउंटिंग रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने से परिसर में मौजूद एक काउंटर पूरी तरह से जलकर राख हो गया है। हर महीने लाखों श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। हालांकि गनीमत रही कि यह घटना कोरोना से निपटने के लिए पाबंदियों के दौरान हुई है। इसके चलते वहां ज्यादा संख्या में लोग मौजूद नहीं थे। यदि यह घटना आम दिनों में हुई तो श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी अनहोनी भी हो सकती थी।
बता दें कि वैष्णो देवी मंदिर परिसर के साथ ही बड़ी संख्या में इमारतें बनी हुई हैं, जिनमें श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन आदि की व्यवस्था रहती है। इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर से आने वाले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि कुछ वक्त पहले वैष्णो देवी में आग लग गई थी, लेकिन फिलहाल उस पर काबू पा लिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगले कुछ घंटों तक हमें बारीकी से नजर रखनी होगी।


Download Android App
Download iOS App



