श्रीनगर के एक होटल में एक स्थानीय महिला से मेलजोल बढ़ाने के मामले में दोषी पाये गए मेजर लीतुल गोगोई का उल्लेख करते हुए सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने मंगलवार को कहा कि नैतिक कदाचार और भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में कड़ाई से निपटा जाएगा।
जनरल रावत ने कहा कि मेजर गोगोई के खिलाफ उनके अपराध को देखते हुए कार्रवाई की जाएगी। जनरल रावत ने मेजर गोगोई के संबंध में प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा, ”मैंने स्पष्ट कहा था कि नैतिक कदाचार और भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में बेहद कड़ाई से निपटा जाएगा। कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी ने सिफारिश की है कि हमें कोर्ट मार्शल की कार्यवाही करनी चाहिए।”
श्रीनगर होटल मामले में मेजर गोगोई दोषी करार, होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
उन्होंने कहा, ”अगर यह नैतिक कदाचार का मामला है तो हम उसी अनुसार कार्रवाई करेंगे। अगर कुछ और मामला है तो सजा उनके किये अपराध के हिसाब से दी जाएगी।” सेना की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी में पिछले महीने मेजर गोगोई को श्रीनगर के एक होटल में एक स्थानीय महिला से दोस्ती करने और उनके कार्यस्थल से दूर रहने के मामले में दोषी ठहराया गया था।
मेजर गोगोई को कहासुनी के बाद मई महीने में पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। वह उस समय कथित तौर पर 18 साल की महिला के साथ श्रीनगर के होटल में घुसने की कोशिश कर रहे थे। मेजर गोगोई पिछले साल कश्मीर में श्रीनगर लोकसभा उपचुनाव के दौरान पथराव की घटनाओं के खिलाफ अपनी जीप के बोनट पर एक नागरिक को मानव ढाल के रूप में बांधने के बाद खबरों में आये थे। तब जनरल रावत ने उन्हें सेना प्रमुख के प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया था।


Download Android App
Download iOS App



