उमर अब्दुल्ला के ट्वीट के बाद जिला चुनाव अधिकारी ने बदली ईवीएम

Summary :

उन्होंने बताया कि मतदाताओं की शिकायत के बाद एक स्थानीय प्रशासन अधिकारी ने मौके पर पहुंच उस वर्दीधारी कर्मी को वहां से हटा दिया।

नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी ने गुरुवार को प्रथम चरण के मतदान में वर्दीधारी कर्मी द्वारा लोगों को बीजेपी को वोट देने के लिए मजबूर करने, ईवीएम में कांग्रेस के बटन के काम ना करने सहित अन्य गड़बड़ियों के आरोप लगाए। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया जिसमें मतदाता बीजेपी विरोधी नारे लगाते दिख रहे हैं क्योंकि बीएसएफ ने बीजेपी को वोट नहीं देने पर उनसे बदसलूकी की थी।

उन्होंने लिखा, ‘‘ जम्मू में एक मतदान केन्द्र पर एक व्यक्ति के साथ बीएसएफ ने हाथापाई की क्योंकि उसने बीजेपी को वोट देने से मना कर दिया था। मतदान केंद्रों पर सशस्त्र बलों का उपयोग कर लोगों को बीजेपी को वोट देने के लिए मजबूर करना, सत्ता की भूख और उनकी हताशा को दर्शाता है…चाहे इसके लिए जो भी करना पड़े।’’

नेशनल कॉन्फ्रेंस के जम्मू प्रांतीय अध्यक्ष दविंदर सिंह राणा ने भी मामले में शिकायत दर्ज कराई। उनके अनुसार पुंछ के अराई मलका इलाके में एक वर्दीधारी कर्मी ने मतदाताओं को बीजेपी को वोट देने के लिए मजबूर किया। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की शिकायत के बाद एक स्थानीय प्रशासन अधिकारी ने मौके पर पहुंच उस वर्दीधारी कर्मी को वहां से हटा दिया।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने भी एक पीठासीन अधिकारी की वीडियो पोस्ट की जिसमें वह पुंछ इलाके में एक कांग्रेस के निशान वाला ईवीएम बटन के खराब होने की जानकारी दे रहा है। अधिकारी ने पुंछ जिले में मतदान कुछ देर के लिए रुक जाने की जानकारी देते हुए उसके जल्द ठीक होने का आश्वासन दिया। कौन सा बटन काम नहीं कर रहा है यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ हाथ का बटन।’’

हाथ कांग्रेस का चुनाव चिह्न है। उमर अब्दुल्ला के पुंछ के एक पोलिंग स्टेशन पर कांग्रेस का बटन काम ना करने के आरोप पर पुंछ के जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि उन्होंने ईवीएम बदल दी है। उन्होंने कहा कि एक पोलिंग स्टेशन पर बीजेपी का बटन भी काम नहीं कर रहा था। वहां भी मशीन को बदल दिया गया है।

Desk Team