सीजफायर का असर, जम्मू-कश्मीर समेत सरहदी इलाकों में शांति : भारतीय सेना

Summary :

भारतीय सेना ने सरहदी इलाकों में शांति का दावा किया

भारत-पाक के सीजफायर के बाद जम्मू-कश्मीर और अन्य सरहदी इलाकों में शांति का माहौल है। रविवार रात गोलीबारी या ड्रोन गतिविधि की कोई घटना नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। भारतीय सेना ने पुष्टि की कि स्थिति स्थिर है और जनजीवन सामान्य हो गया है।

भारत-पाक के सीजफायर का असर जम्मू-कश्मीर समेत बॉर्डर से सटे अन्य इलाकों में रविवार की रात देखने को मिला। भारत-पाक के संघर्ष और सीजफायर की घोषणा के बाद रविवार रात गोलीबारी या गोलाबारी की कोई घटना नहीं हुई, जिससे सरहदी इलाकों में रहने वाले लोगों ने चैन की सांस ली। इस बीच सेना ने भी दावा किया कि शांति बहाल है।

भारतीय सेना ने सोमवार को बताया है कि जम्मू-कश्मीर और अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे अन्य इलाकों में बीती रात काफी हद तक शांतिपूर्ण रही। किसी घटना की खबर नहीं आई। हाल के दिनों में यह ऐसी पहली रात रही जो सुकून में बीती। जम्मू शहर में स्थिति शांत और स्थिर दिख रही है। रात के दौरान ड्रोन गतिविधि, गोलीबारी या गोलाबारी की कोई खबर नहीं मिली। वहीं, सीजफायर के बाद श्रीनगर के बाजार में लोगों की दिनचर्या सामान्य हो गई है।

संघर्ष विराम के 40 घंटे से अधिक समय बीत चुका है और इलाके में जनजीवन सामान्य है।

जम्मू में एक स्थानीय व्यक्ति ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि अभी माहौल ठीक है, शांति है। चार-पांच दिन से हम बाहर नहीं निकले थे, लेकिन अब बच्चों के साथ घूमने निकले हैं। दूसरी ओर पिछले कुछ दिनों से बिजली गुल रहने के बाद, उधमपुर में स्थिति सामान्य है।

एक स्थानीय ने बताया कि हम अपनी दिनचर्या का पालन कर रहे हैं और वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे हैं। शाम को भी हमारा एक सत्र होता है। यहां स्थिति पूरी तरह से सामान्य और शांतिपूर्ण है। किसी भी तरह का तनाव नहीं है। इलाके में दुकानें फिर से खोली जा रही हैं। प्रशासन ने अच्छी भूमिका निभाई है, यह सुनिश्चित करते हुए कि कोई अफरातफरी न मचे।

ज्ञात हो कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत ने पीओके और पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर चलाकर 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हो गई थी। बॉर्डर के उस पार से आम नागरिकों को निशाना बनाकर मिसाइल दागी गईं जिस का करारा जवाब भारत की ओर से दिया गया। तीन दिन तक चले संघर्ष के बाद 10 मई की देर शाम सीजफायर की घोषणा की गई।

Vaishno Devi श्राइन बोर्ड का बड़ा एलान, श्रद्धालुओं को मिलेगा मुफ्त आवास

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.