पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी पर जम्मू कश्मीर के लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरने का आरोप लगाते हुए पार्टी के पूर्व विधायक आबिद अंसारी ने शनिवार को पीडीपी से इस्तीफा दे दिया।
अंसारी ने यह भी कहा कि वह पार्टी की ओर से फैलाए जा रहे झूठ और छल का हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं।
अंसारी ने टि्वटर पर कहा, ‘‘ मैं पीडीपी से अपने इस्तीफे का ऐलान करता हूं, क्योंकि पार्टी सभी मोर्चों पर जम्मू कश्मीर के लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। मैं पार्टी की ओर से फैलाए जा रहे झूठ और छल का हिस्सा नहीं बनना चाहता हूं। मैंने अपना विस्तृत त्याग पत्र महबूबा मुफ्ती को भेज दिया है। जल्द ही मीडिया से मुखातिब होऊंगा’’
अंसारी प्रभावशाली शिया नेता इमरान अंसारी के करीबी रिश्तेदार हैं। वह श्रीनगर की जादिबल विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। विधानसभा को पिछले महीने राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भंग कर दिया था।
इमरान अंसारी ने भी पिछले महीने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस का दामन थाम लिया था।


Download Android App
Download iOS App




