श्रीनगर/जम्मू : उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के सोपोर में शनिवार को लश्कर-ए-तैयबा के लिए काम करने के संदेह में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हिलाल अहमद, साहिल नजीर और पीरजादा मोहम्मद जाहिर को सोपोर से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से धमकी वाले पोस्टर समेत अभियोजनयोग्य सामग्री मिली। वे लोगों को डराने-धमकाने में लिप्त थे।
प्रवक्ता ने बातया कि वे लश्कर के धमकी भरे पर्चे प्रकाशित करने और उन्हें शहर में बांटने के लिए जिम्मेदार थे।
प्रवक्ता के अनुसार एक अन्य घटना में कुपवाड़ा बायपास चौराहे के पास सुरक्षाबलों ने लश्कर के आतंकवादियों के लिए काम करने के संदेह में उल्ताफ बशीर मीर और एजाज अहमद भट को गिरफ्तार किया।
उनके पास से अपराध की ओर इशारा करने वाली सामग्री बरामद की गयी है। उल्ताफ नौपुरा जागीर का जबकि एजाज दारपुरा बोमई का रहने वाला है।
प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार किये गये इन पांचों के खिलाफ दो अलग अलग मामले दर्ज किये गये हैं।


Download Android App
Download iOS App



