गुपकार जन घोषणापत्र गठबंधन (पीएजीडी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को बताया कि उनका गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि बैठक में महबूबा जी , मैं, तारीगामी साहब और हममें से जिनको भी बुलाया गया है, हम लोग जा रहे हैं। हम सब बात करेंगे। हमारा मकसद सभी को मालूम है। वहां पर आप हर बात पर बोल सकते हैं। उनकी तरफ से कोई एजेंडा तय नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि हमारा पीपुल्स अलायंस का जो एजेंडा है। जिसके लिए हमने ये अलायंस बनाया है, जो हमसे छीना गया है, हम उसपर बात करेंगे कि ये आपने गलती की है, यह असंवैधानिक है। इसको बहाल किए बगैर जम्मू-कश्मीर का मसला और हालात में अमन बहाल नहीं कर सकते।
गुपकार ग्रुप के अन्य नेताओं ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के सामने बात रखने का मौका मिला है। हम अपनी आवाम की बात को उनके सामने रखेंगे, हम सितारे नहीं मागेंगे बल्कि वही मांगेंगे जो हमारा है। नेताओं का कहना है कि वो किसी कागज़ पर दस्तखत नहीं करेंगे, ना ही 370 को लेकर कोई समझौता करेंगे।
यह घोषणा यहां अब्दुल्ला के गुपकर रोड स्थित आवास पर केंद्र के निमंत्रण को लेकर चर्चा करने के लिए बुलाई गई पीएजीडी नेताओं की बैठक के बाद की गई। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता एम वाई तारिगामी सहित घटक दलों के नेता नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष अब्दुल्ला के आवास पर पूर्वाह्न 11 बजे पहुंचे। जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों ने पिछले दो दिन बैठक करके विचार-विमर्श किया।


Download Android App
Download iOS App



