श्रीनगर : अमरनाथ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए शुक्रवार को यहां एक उच्च-स्तरीय बैठक में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बैठक की अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल के सलाहकार के विजय कुमार ने की और सभी सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। अमरनाथ यात्रा एक जुलाई से शुरू होनी है।
प्रवक्ता ने कहा कि बैठक में पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह, केंद्रीय गृह मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव ज्ञानेश कुमार और 15 कोर के जीओसी (जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ) लेफ्टिनेंट जनरल जे एस ढिल्लों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
उन्होंने कहा कि बैठक में एसएएसबी के सीईओ उमंग नरुला, प्रधान गृह सचिव शालीन काबरा, एडीजीपी (सीआईडी) बी श्रीनिवास, एडीजीपी (सुरक्षा) मुनीर अहमद खान, कश्मीर के संभागीय आयुक्त बसीर अहमद खान और निकाय प्रशासन, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी शामिल हुए।
प्रवक्ता ने कहा कि संभागीय आयुक्त ने तीर्थयात्रियों के लिए व्यवस्थाओं पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी।
विजय कुमार ने आगामी यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियों को आपस में प्रभावी समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।


Download Android App
Download iOS App



