जम्मू – कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने सेब उत्पादकों को उनकी फसल के बेहतर दाम दिलवाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को बाजार हस्तक्षेप योजना शुरू की। योजना के तहत सरकार तय समर्थन मूल्य पर राज्य के सेब उत्पादकों से खरीदारी करेगी।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि इस योजना को सेब की मौजूदा फसल के लिए गृह मंत्रालय के तत्वाधान में कृषि एवं सहकारिता विभाग ने मंजूरी दी है।
उन्होंने कहा कि योजना एवं विपणन निदेशालय इस योजना को लागू करेगी। बागवानी निदेशालय (कश्मीर) और जम्मू – कश्मीर बागवानी उत्पादन , विपणन और प्रसंस्करण निगम लिमिटेड इसका समर्थन करेगी।
मलिक ने कहा कि सालाना 8,000 करोड़ रुपये के कारोबार के साथ करीब सात लाख परिवार प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से इससे जुड़े हुए हैं। बागवानी क्षेत्र को उत्पादकों को हर संभव सहायता प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।
मलिक ने सेब उत्पादकों की मदद के लिए शुरू की गई योजना के लिए गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस योजना से कश्मीर के सेब उत्पादों को आनन- फानन में कम दामों पर अपने उत्पाद (सेब) नहीं बेचने पड़ेंगे।


Download Android App
Download iOS App



