Jammu Kashmir Landmine Blast: लैंडमाइन डिफ्यूज करते वक्त जोरदार धमाका! पुंछ में 2 सैन्यकर्मी घायल

Summary :

Jammu Kashmir Landmine Blast: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में LoC के पास लैंडमाइन डिफ्यूज करते समय विस्फोट हो गया, जिसमें सेना के दो जवान घायल हुए। वहीं नालवा देगवार तेरवां इलाके में सड़क निर्माण के दौरान हैंड ग्रेनेड जैसा जिंदा विस्फोटक मिला। बम डिस्पोजल टीम ने इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

Jammu Kashmir Landmine Blast: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में LoC के पास बुधवार शाम एक लैंडमाइन को डिफ्यूज करने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। यह घटना मेंढर सेक्टर के कांगा गली इलाके में हुई। हादसे में सेना के दो जवान घायल हो गए। घटना के बाद दोनों जवानों को तुरंत इलाज के लिए सेना के अस्पताल पहुंचाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, सेना की एक पेट्रोलिंग टीम को इलाके में एक लैंडमाइन दिखाई दी थी। इसके बाद जवानों ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए एक्स्पर्ट्स  की टीम को मौके पर बुलाया गया था। टीम जब लैंडमाइन को डिफ्यूज  करने की प्रक्रिया में जुटी थी, तभी अचानक उसमें विस्फोट हो गया।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

इस दौरान  विस्फोट की चपेट में आने से दो सैन्यकर्मी घायल हो गए । घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पूरे क्षेत्र की जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि LoC से लगे इलाकों में सेना घुसपैठ रोकने के लिए कई तरह की सुरक्षा व्यवस्था करती है। इसी व्यवस्था के तहत कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी-इन्फिल्ट्रेशन ऑब्स्टेकल सिस्टम के हिस्से के रूप में लैंडमाइन भी लगाई गई हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, पहाड़ी और अग्रिम इलाकों में बारिश के दौरान जमीन का कटाव और पानी का तेज बहाव कई बार लैंडमाइन को उसकी तय जगह से हटा देता है। ऐसी स्थिति में ये विस्फोटक दूसरी जगहों पर पहुंच सकते हैं और स्थानीय लोगों या सुरक्षा बलों के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। इसी वजह से जब पेट्रोलिंग के दौरान इस तरह का कोई संदिग्ध विस्फोटक दिखाई देता है, तो उसे खुद हटाने के बजाय एक्स्पर्ट्स  की मदद ली जाती है। पुंछ में भी सेना ने इसी प्रक्रिया के तहत एक्स्पर्ट्स  को मौके पर बुलाया था।

सड़क निर्माण के दौरान मिला जिंदा विस्फोटक

पुंछ जिले में इसी दौरान एक अन्य जगह पर भी पुराना विस्फोटक मिलने का मामला सामने आया। नालवा देगवार तेरवां इलाके में सड़क निर्माण का काम कर रहे कुछ मजदूरों को जमीन के पास एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। मजदूरों ने इसकी जानकारी तुरंत अधिकारियों को दी। शुरुआती जांच में यह विस्फोटक देखने में हैंड ग्रेनेड जैसा नजर आया। सूचना मिलने के बाद सेना की बम डिस्पोजल टीम को मौके पर बुलाया गया।

बम डिस्पोजल टीम ने किया सुरक्षित नष्ट

सेना की एक्सपर्ट  टीम ने इलाके को सुरक्षित किया और संदिग्ध विस्फोटक की जांच की। इसके बाद उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।

पुंछ जैसे LoC से सटे इलाकों में पुराने और जमीन में दबे विस्फोटकों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क रहती हैं। बारिश और भूस्खलन के कारण इनके स्थान बदलने की आशंका रहती है। ऐसे में संदिग्ध वस्तु मिलने पर उसे छूने के बजाय तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचना देना जरूरी माना जाता है।

यह भी पढ़ें: Srinagar Drug Network: श्रीनगर में बड़े ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार, 1.05 करोड़ का सोना और 85 लाख कैश बरामद

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।