कश्मीरी छात्र की रैगिंग पर कर्नाटक पुलिस की कार्रवाई, 5 छात्र हिरासत में

Summary :

अल अमीन कॉलेज में रैगिंग का मामला, 5 छात्र हिरासत में

कर्नाटक पुलिस ने कश्मीर के प्रथम वर्ष के छात्र के कथित रैगिंग के मामले में अंतिम वर्ष के पांच एमबीबीएस छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को छात्रों की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी। दरअसल, यह मामला उत्तरी कर्नाटक के विजयपुरा ग्रामीण थाने का है। अल अमीन कॉलेज के छात्रावास के अंदर कुछ युवकों ने एक कश्मीरी छात्र की बेरहमी से पिटाई की। इस मामले में पुलिस ने पांच छात्रों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मोहम्मद कैसर (23), समीर तदापत्री (24), मंसूर बाशा (24), शेख दाऊद (23) और मोहम्मद जमादार (23) के रूप में हुई है। उन पर बीएनएस की धारा 155(2), 329(4), 352, 351(2), 189(2), 191(2) और 190 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हालांकि, मामला सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने एक्स पर लिखा था, “कर्नाटक के अल अमीन कॉलेज में रैगिंग की घटना। कॉलेज के छात्रावास के अंदर कुछ गुंडों द्वारा एक और कश्मीरी छात्र की बेरहमी से पिटाई की गई, जो निंदनीय और अस्वीकार्य है। हम अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और पुलिस से स्थायी निर्देश की मांग करते हैं।”

इमरान नबी डार के पोस्ट को रीशेयर करते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, “मैंने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में कर्नाटाक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से बात की है। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस रैगिंग/पिटाई के चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्नाटक के अल अमीन कॉलेज में मंगलवार शाम को यह घटना हुई है। पीड़ित अल अमीन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के प्रथम वर्ष का छात्र है। छात्र ने आरोप लगाया है कि 2019 बैच के वरिष्ठ छात्रों ने उसके साथ क्रूर रैगिंग की और धमकियां भी दीं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.