कश्मीर : एनआईए ने जैश आतंकी के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की

Summary :

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार सुबह जम्मू एवं कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीमों के साथ दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिला में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार सुबह जम्मू एवं कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीमों के साथ दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिला में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। 
रिपोर्ट्स के अनुसार, आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के आतंकवादी जाहिद अहमद के पुलवामा में करीमाबाद स्थित आवास पर छापेमारी की गई। इसके अलावा पुलवामा के ही काकपोरा और द्रुबगाम में भी विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। 
सूत्र ने बताया कि एनआईए ने दक्षिण कश्मीर में एक नागरिक के आवास पर भी छापेमारी की। एनआईए ने नगरोटा मुठभेड़ मामले की जांच शुरू करने के लगभग महीने भर बाद यह छापेमारी की है। 
पिछले महीने 31 जनवरी को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टोल-प्लाजा पर पुलिसकर्मियों द्वारा एक ट्रक रोकने के बाद शुरू हुए हुई मुठभेड़ में ट्रक सवार तीन आतंकवादी मारे गए थे और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। 
नगरोटा में पुलिस द्वारा रोके गए ट्रक का चालक अपने साथ तीन विदेशी आतंकवादियों को ले जा रहा था। उसकी पहचान पुलवामा मामले के आत्मघाती हमलावर आदिर डार के चचेरे भाई समीर डार के रूप में हुई थी। समीर डार पुलवामा का रहने वाला था। 
आतंकवादियों के सहयोगियों में चालक और उसके सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया था। मुठभेड़ के बाद मृत आतंकवादियों के पास से वायरलेस सेट और अमेरिका निर्मित एम4 करबाईन समेत भारी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ था। 

Ujjwal Jain