कश्मीर के कई मैदानी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। इस सीजन की पहली बर्फबारी गुरुवार की देर रात हुई। पर्वतीय क्षेत्रों में भी सफेद चादर बिछ गई है। इससे पर्यटकों के बढ़ने की उम्मीद है। जोजिला पास पर बर्फ जमने से श्रीनगर-लेह राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। बांदीपोरा-गुरेज मार्ग, सिंथन टॉप और पुंछ के मुगल रोड से भी यातायात बंद कर दिया गया है। प्रदेश में रात के तापमान में सुधार हुआ है। वैसे, कड़ाके की ठंड जारी है। श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 15 दिसंबर को कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। अगले पांच दिन तक सर्द हवा बहेगी। बता दें, घाटी के मैदानी इलाकों में पहली बर्फबारी से लंबे समय से चल रहे सूखे पर विराम लगा है। इससे रात के पारे में सुधार हुआ है।
ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी
कश्मीर के कई पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार से बर्फबारी शुरू हुई है। यह अब भी जारी है। शोपियां, पुलवामा, बारामुला के मैदानी इलाकों के साथ-साथ अनंतनाग, बडगाम, कुपवाड़ा, गांदरबल, बांदीपोरा के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। श्रीनगर में बर्फ गिरने का इंतजार है। गुलमर्ग, सोनमर्ग, टंगमर्ग, गुरेज, जोजिला दर्रे के पर्यटक रिसॉर्ट्स समेत घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो चुकी है। विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग और लेह में दिन और रात का पारा शून्य से नीचे है।
श्रीनगर में पारा सामान्य से 2.3 डिग्री गिरा
श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से 2.3 डिग्री गिरा है। यह 7.0 डिग्री दर्ज हुआ है। पहलगाम में सामान्य से 5.7 डिग्री गिरकर 1.2 डिग्री, गुलमर्ग में सामान्य से 6.3 डिग्री लुढ़कर -2.4 डिग्री दर्ज किया गया। जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा गिरकर 19.6 डिग्री, न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज हुआ। बनिहाल में अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री, बटोत में 11.6, कटड़ा में 17.8 डिग्री, भद्रवाह में 12.4 डिग्री दर्ज हुआ। लेह में अधिकतम तापमान -0.6 डिग्री दर्ज हुआ।
किस जगह का कितना न्यूनतम पारा?
लेह माइनस 9.1, गुलमर्ग माइनस 5.2, पहलगाम माइनस 4.6, कोकरनाग माइनस 1.1, श्रीनगर माइनस 0.5, कुपवाड़ा 0.5, बनिहाल 3.9, बटोत 5.3, भद्रवाह 2.9, कटड़ा 7.4।
कितनी इलाके में कितनी बर्फबारी?
सोनमर्ग- 10 इंच, जोजिला पास-12 इंच, जेड गली- 11 इंच, साधना पास- 13 इंच, सिंथन टॉप- 13 से 15 इंच, मर्गन टॉप- 10 इंच, पीर की गली- 10 से 12 इंच, टंगमर्ग- 3 से 4 इंच, हीरपोरा शोपियां- 4 इंच, शोपियां शहर- 2 इंच, कुलगाम अहरबल- 3 इंच, छिरनबल कुलगाम- 3 से 4 इंच, पहलगाम- 2 इंच, बालटल पहलगाम- 8 इंच, सोपोर शहर- 2 से 3 इंच, पट्टन बारामुला- 2 इंच, खान साहब बड़गाम- 2 से 3 इंच, बांदीपोरा मुख्य- 1 से 2 सेंटीमीटर।


Download Android App
Download iOS App



