Lakhimpur Kheri: कबीर महोत्सव में बोले ओम बिरला, संतों की वाणी समाज में बढ़ाती है सद्भाव और समरसता

Summary :

Lakhimpur Kheri: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संतों की वाणी समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करती है। संतों ने हमेशा समाज और आध्यात्मिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

Lakhimpur Kheri: असंगदेव महाराज के 60वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कबीर महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शामिल हुए। इस दौरान ओम बिरला ने कबीर स्मृति भवन का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संतों की वाणी समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करती है। संतों ने हमेशा समाज और आध्यात्मिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज में फैली बुराइयों, पाखंड और जाति के आधार पर होने वाले भेदभाव का विरोध किया। उनकी वाणी लोगों को संयम, मर्यादा और समझदारी के साथ अपनी बात रखने की सीख देती है। ओम बिरला ने कहा कि लोकतंत्र में अलग-अलग विचार होना सामान्य बात है। ऐसे में लोगों को एक-दूसरे की सहमति और असहमति, दोनों का सम्मान करना चाहिए।

केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना

Lakhimpur Kheri
Lakhimpur Kheri

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को 2047 तक सत्ता में आने का सपना देखना छोड़ देना चाहिए।

मौर्य ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी और अराजकता का माहौल था। उनके मुताबिक, अब प्रदेश में कानून का राज है और माफिया तंत्र पर सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश लगातार विकास कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

स्वतंत्र देव सिंह ने राष्ट्रवाद को प्राथमिकता देने की अपील की

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीब परिवारों को आवास समेत कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने लोगों से परिवारवाद और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन और तालाबों पर अवैध कब्जा करने के बजाय बच्चों की पढ़ाई और उनके बेहतर भविष्य पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनकी शिक्षा को जरूरी बताया।

कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में रहे मौजूद

Lakhimpur Kheri
Lakhimpur Kheri

कबीर महोत्सव में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी, प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, शशांक वर्मा, अमन गिरी और रोमी साहनी शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और गोला नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: पीलीभीत में नेपाल से भटककर आया जंगली हाथी, कॉलोनी में तोड़ी दीवार; Video हुआ वायरल

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।