दुनिया में अगर कही घरती पर स्वर्ग है, तो वो कश्मीर में है। लेकिन आज के जम्मू-कश्मीर में हालात बहुत अच्छे नहीं है। धरती के स्वर्ग कहे जाने वाले कश्मीर की शांति को लगातार आतंकवादियों द्वारा भंग करने की कोशिश की जा रही है। पिछले कुछ दिनों से आतंकवादी लगातार राज्य के अल्पसंख्यक समुदाय और अन्य राज्यों से आये निर्दोष लोगों को निशाना बना कर घाटी में दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
हताशा में आतंकियों और उनके समर्थक बदल रहे अपनी रणनीति
भाजपा नेता और जम्मू कश्मीर के सह प्रभारी आशीष सूद ने कहा कि जम्मू- कश्मीर में तेजी से सामान्य होते हालात को देखकर हताशा में आतंकियों और उनके समर्थकों ने अपनी स्ट्रेटेजी को बदल कर निर्दोष लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
आशीष सूद ने यह भी जोड़ा कि सरकार आतंकियों को करारा जवाब दे रही है। सरकार ने सुरक्षाबलों को फ्री हैंड दे रखा है और सुरक्षाबलों द्वारा लगातार आतंकियों का एनकाउंटर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनआईए द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई की वजह से भी आतंकवादियों और उन तक फंड पहुंचाने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
भाजपा की रणनीति बिल्कुल स्पष्ट
भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने बताया कि जम्मू कश्मीर को लेकर भाजपा सरकार की रणनीति बिल्कुल स्पष्ट है। कश्मीर को फिर से धरती का स्वर्ग बनाना है। राज्य में शांति स्थापित करने के साथ-साथ इसका सर्वांगीण विकास भी करना है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य के दौरे का हवाला देते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों के दौरान भारत सरकार के 40 से ज्यादा मंत्री राज्य का दौरा कर चुके हैं। केंद्र सरकार का हर मंत्रालय अपने-अपने दायरे में राज्य के विकास की योजनाओं को लेकर काम कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



